Bihar INFACTNews

बांकीपुर में तेजस्वी यादव का शक्ति प्रदर्शन, बोले- राजद की सीधी लड़ाई भाजपा से, रेखा गुप्ता की जीत तय

बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने सोमवार को महागठबंधन प्रत्याशी रेखा कुमारी गुप्ता के समर्थन में जोरदार रोड शो किया। रोड शो की शुरुआत मीठापुर स्थित मुख्य चुनाव कार्यालय से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।

‘राजद की सीधी लड़ाई भाजपा से’

रोड शो शुरू होने से पहले मीडिया से बातचीत में तेजस्वी यादव ने कहा कि बांकीपुर में राजद की सीधी लड़ाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से है। उन्होंने दावा किया कि जनता बदलाव चाहती है और इस बार राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता की जीत सुनिश्चित है।उन्होंने यह भी कहा कि जन सुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर चुनावी मुकाबले में चर्चा का विषय नहीं हैं।

भाजपा पर विकास नहीं करने का आरोप

तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि वर्षों तक इस विधानसभा सीट पर एक ही परिवार का राजनीतिक वर्चस्व रहा, लेकिन क्षेत्र में अपेक्षित विकास कार्य नहीं हुए। उन्होंने कहा कि अब मतदाता परिवर्तन के पक्ष में हैं और महागठबंधन को समर्थन देने का मन बना चुके हैं।

रेखा गुप्ता को दूसरी बार मिला मौका

भारतीय जनता पार्टी ने इस उपचुनाव में नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि राजद ने रेखा कुमारी गुप्ता पर दूसरी बार भरोसा जताया है। इससे पहले 2025 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने भाजपा के तत्कालीन उम्मीदवार नितिन नवीन के खिलाफ चुनाव लड़ा था और 45 हजार से अधिक वोट हासिल किए थे।

कई इलाकों से गुजरा रोड शो

तेजस्वी यादव का रोड शो चांदपुर बेला, सिपारा, विग्रहपुर, पोस्टल पार्क, चिरैयाटांड़ पुल, गोरिया टोली, लालजी टोला होते हुए सब्जीबाग तक पहुंचा। पूरे मार्ग में बड़ी संख्या में समर्थक शामिल हुए और राजद प्रत्याशी के समर्थन में नारे लगाए गए।

विदेश दौरे से लौटने के बाद चुनाव प्रचार में उतरे

गौरतलब है कि तेजस्वी यादव रविवार को विदेश यात्रा से लौटकर पटना पहुंचे थे। इसके अगले ही दिन उन्होंने बांकीपुर उपचुनाव के प्रचार अभियान की कमान संभालते हुए रोड शो के जरिए चुनावी माहौल को गति दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button