Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: बाबा टांगीनाथ धाम पहुंचीं मंत्री दीपिका सिंह पांडे, विकास कार्यों का लिया जायजा

डुमरी प्रखंड स्थित प्रसिद्ध बाबा टांगीनाथ धाम में शनिवार को झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका सिंह पांडे अपने परिवार के साथ दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचीं। उन्होंने भगवान शिव की विधिवत पूजा कर राज्य की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।पूजा-अर्चना के बाद मंत्री ने टांगीनाथ धाम विकास समिति के सदस्यों के साथ पूरे धाम परिसर का भ्रमण किया और चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने टांगीनाथ धाम को धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की।

धाम के विकास के लिए मांगा विस्तृत प्रस्ताव

मंत्री दीपिका सिंह पांडे ने विकास समिति के सदस्यों से कहा कि धाम के विकास के लिए आवश्यक सभी कार्यों की सूची तैयार कर उन्हें उपलब्ध कराई जाए, ताकि सरकार आगे की कार्ययोजना बनाकर विकास कार्यों को गति दे सके।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार टांगीनाथ धाम के समग्र विकास और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।

प्रसिद्ध त्रिशूल की धार्मिक मान्यता की ली जानकारी

धाम भ्रमण के दौरान मंत्री ने बाबा टांगीनाथ धाम के प्रसिद्ध त्रिशूल के धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व के बारे में विकास समिति के सदस्यों से जानकारी ली। समिति ने उन्हें त्रिशूल से जुड़ी जनश्रुतियों और श्रद्धालुओं की आस्था के बारे में विस्तार से अवगत कराया।

हवन कुंड की सफाई और सुरक्षा के दिए निर्देश

निरीक्षण के दौरान मंत्री की नजर त्रिशूल के समीप स्थित हवन कुंड पर पड़ी, जहां कचरा जमा होने पर उन्होंने तत्काल साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया। साथ ही हवन कुंड की सुरक्षा और पवित्रता बनाए रखने के लिए उसके चारों ओर जाली लगाने का भी निर्देश दिया।

स्थानीय लोगों में जगी विकास की उम्मीद

मंत्री ने टांगीनाथ धाम विकास समिति के सदस्यों को बैठक के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि धाम के विकास से संबंधित विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत किया जाए।इस अवसर पर डुमरी के प्रखंड विकास पदाधिकारी, टांगीनाथ धाम विकास समिति के सदस्य, थाना प्रभारी, संबंधित विभागों के अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मंत्री के दौरे के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में टांगीनाथ धाम के विकास को लेकर नई उम्मीद जगी है। लोगों का मानना है कि सरकार की पहल से आने वाले समय में धाम में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button