BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: आसंगी चेक डैम में डूबे दो किशोर, एक का शव बरामद, दूसरे की तलाश जारी

सरायकेला: आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित आसंगी चेक डैम में शनिवार को नहाने गए दो किशोर गहरे पानी में डूब गए। इस दर्दनाक हादसे में एक किशोर का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश देर शाम तक जारी रही। घटना के बाद इलाके में शोक और अफरा-तफरी का माहौल है।

एक किशोर का शव मिला, दूसरे की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद एक किशोर का शव बरामद किया गया, जिसकी पहचान आदित्यपुर एस-टाइप निवासी लव कुमार के रूप में हुई।वहीं, दूसरे लापता किशोर की पहचान उत्सव कुमार (15 वर्ष), निवासी कल्पनापुरी, आदित्यपुर के रूप में हुई है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस और गोताखोर उसकी तलाश में जुटे हुए थे।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

घटना की जानकारी मिलते ही दोनों किशोरों के परिजन आसंगी चेक डैम पहुंचे। अपने बच्चों के डूबने की खबर सुनकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटनास्थल पर मौजूद लोग भी इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध नजर आए।परिजन यह जानने की कोशिश करते रहे कि आखिर दोनों बच्चे इतनी दूर आसंगी चेक डैम तक कैसे पहुंच गए।

पुलिस ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील

हादसे के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए राहत एवं बचाव कार्य जारी रखा। आरआईटी थाना पुलिस ने बताया कि फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन प्राथमिकता है। अभियान पूरा होने के बाद पूरे मामले की विस्तृत जांच की जाएगी।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों किशोर नहाने के दौरान गहरे पानी में चले गए, जिससे यह हादसा हुआ।पुलिस ने लोगों से विशेषकर बरसात के मौसम में चेक डैम, नदी और अन्य जलाशयों में नहाने से बचने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button