Bihar INFACTNews

Bihar: बिना लाइसेंस नहीं निकलेगा मुहर्रम जुलूस; डीजे, भड़काऊ गानों और हथियारों के प्रदर्शन पर रोक

पटना: मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए बिहार सरकार ने राज्यभर में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। सोमवार को मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार ने सभी जिलाधिकारियों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और पुलिस अधीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।बैठक में स्पष्ट किया गया कि राज्य में कोई भी मुहर्रम जुलूस बिना वैध लाइसेंस के नहीं निकाला जाएगा। साथ ही जुलूसों में डीजे, भड़काऊ गानों और सांप्रदायिक नारेबाजी पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

शांति समितियों को सक्रिय करने के निर्देश

मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सभी जिलों को शांति समितियों को सक्रिय करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में सामुदायिक समन्वय मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुहर्रम के दौरान सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

लाउडस्पीकर नियमों का होगा सख्ती से पालन

बैठक में लाउडस्पीकर के उपयोग को लेकर भी सख्त निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि निर्धारित डेसिबल सीमा और तय समय का कड़ाई से पालन कराया जाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी

डीजीपी विनय कुमार ने सभी जिलों को सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, लगातार गश्ती बढ़ाने और विवादित जुलूस मार्गों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर सांप्रदायिक तनाव फैलाने वाली पोस्ट, वीडियो या आपत्तिजनक टिप्पणियों पर तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की जाए।

हथियारों के प्रदर्शन और विवादास्पद झांकियों पर प्रतिबंध

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि शांति भंग करने की आशंका वाले व्यक्तियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी। जुलूसों में विवादास्पद झांकियों, आपत्तिजनक चित्रों तथा लाइसेंस की शर्तों से बाहर किसी भी प्रकार के हथियारों के प्रदर्शन पर पूरी तरह रोक रहेगी।इसके अलावा सभी आयोजकों के लिए सुरक्षा बंधपत्र भरना अनिवार्य किया गया है। सरकार ने धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए चेतावनी दी है कि किसी भी धार्मिक स्थल को नुकसान पहुंचाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सरकार की अपील

बिहार सरकार ने सभी नागरिकों से मुहर्रम पर्व को शांति, भाईचारे और पारंपरिक सौहार्द के साथ मनाने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button