
लखनऊ में बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े गोलीबारी की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया।पीजीआई थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर बाइक सवार हमलावरों ने एक प्रॉपर्टी डीलर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बदमाशों ने प्रॉपर्टी कारोबारी पर लगातार तीन राउंड गोलियां चलाईं और घटना के बाद हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई और अफरातफरी का माहौल बन गया।
कल्ली चौकी के पास हुई वारदात
जानकारी के अनुसार मूल रूप से जौनपुर निवासी संदीप सिंह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ वृंदावन क्षेत्र में किराये पर रहते हैं। उनका मोहनलालगंज में प्लॉटिंग का कारोबार है और रायबरेली रोड स्थित कल्ली पश्चिम में कार्यालय है।चालक प्रदीप के मुताबिक, दोपहर करीब 12 बजे संदीप ऑफिस पहुंचे थे। वह गाड़ी से उतरकर सीढ़ियां चढ़ रहे थे, तभी बाइक पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे और पीछे बैठे हमलावर ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी।
गोली लगते ही संदीप जमीन पर गिर पड़े। हमलावर रायबरेली रोड की ओर फरार हो गए।
सीने और सिर के पास लगी गोली
फायरिंग में संदीप सिंह के सीने और सिर के पास गोली लगी है, जिससे उनकी हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने तुरंत उन्हें खून से लथपथ हालत में पास के एपेक्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
मौके पर पहुंची पुलिस और क्राइम ब्रांच
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंच गईं।अमित कुमार आनंद समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।पुलिस आसपास लगे सरकारी और निजी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान और उनके भागने के रूट का पता लगाया जा सके।
जमीन विवाद और रंजिश के एंगल पर जांच
पुलिस की शुरुआती जांच में मामला जमीन विवाद या पुरानी रंजिश से जुड़ा माना जा रहा है।पुलिस संदीप सिंह के परिवार और करीबी लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि किसी पुराने विवाद की जानकारी जुटाई जा सके।हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है और लगातार छापेमारी की जा रही है।



