
भोपाल में ट्विशा शर्मा के दूसरे पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी हो गई है। दिल्ली एम्स से आई विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने करीब चार घंटे तक जांच की। जानकारी के अनुसार पोस्टमार्टम सुबह करीब 11 बजे शुरू हुआ था और दोपहर बाद समाप्त हुआ। इसके बाद मेडिकल टीम वापस लौट गई।
आज शाम भदभदा विश्राम घाट में होगा अंतिम संस्कार
पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिवार ने ट्विशा शर्मा के अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू कर दी हैं। उनका अंतिम संस्कार आज शाम 4 बजे भोपाल के भदभदा विश्राम घाट में किया जाएगा। परिवार और करीबी रिश्तेदार अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी सबकी नजरें
इस पूरे मामले में अब लोगों की नजरें दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं। माना जा रहा है कि रिपोर्ट आने के बाद ट्विशा शर्मा की मौत से जुड़े कई अहम सवालों के जवाब सामने आ सकते हैं।
पहले पोस्टमार्टम पर परिवार ने उठाए थे सवाल
ट्विशा शर्मा के पिता नवनिधि शर्मा ने पहले पोस्टमार्टम को लेकर गंभीर सवाल उठाए थे। उन्होंने दिल्ली एम्स द्वारा गठित मेडिकल बोर्ड को पत्र लिखकर कई बिंदुओं पर विस्तृत जांच की मांग की थी।परिवार का आरोप है कि पहले पोस्टमार्टम में कई महत्वपूर्ण पहलुओं की ठीक से जांच नहीं की गई। उन्होंने मेडिकल बोर्ड से फॉरेंसिक, पैथोलॉजिकल और रेडियोलॉजिकल जांच कराने की भी अपील की थी।
“सच सामने आए” यही परिवार की मांग
परिवार का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी पर दबाव बनाना नहीं, बल्कि मामले की निष्पक्ष जांच कराना है ताकि सच्चाई सामने आ सके।
आरोपी पति समर्थ सिंह से जारी है पूछताछ
मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह को 12 दिन बाद गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल वह पुलिस रिमांड पर है और मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी उससे लगातार पूछताछ कर रही है।सूत्रों के मुताबिक पूछताछ के दौरान जांच टीम को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि समर्थ सिंह कई अहम सवालों के स्पष्ट जवाब नहीं दे पा रहा है और जांच में पूरी तरह सहयोग भी नहीं कर रहा।
एसआईटी पोस्टमार्टम रिपोर्ट से जोड़ रही कड़ियां
एसआईटी अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है। ऐसे में आने वाले दिनों में इस केस में कई बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।



