BreakingMaharashtra INFACTNews

Maharashtra: पुणे के तुलजाभवानी मंदिर में चोरी, दर्शन के बहाने चोर ले उड़ा देवी का चांदी का मुकुट

महाराष्ट्र के पुणे जिले के तलेगांव दाभाडे स्थित तुलजाभवानी देवी मंदिर में चोरी की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। एक अज्ञात चोर ने दर्शन करने के बहाने मंदिर में प्रवेश किया और देवी का चांदी का मुकुट चोरी कर फरार हो गया। पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

पूजा-अर्चना कर जीता पुजारी का भरोसा

जानकारी के अनुसार आरोपी व्यक्ति पहले बेहद शांत भाव से मंदिर में पहुंचा। उसके हाथ में नारियल था और उसने देवी की विधिवत पूजा-अर्चना भी की। आरोपी ने देवी को कुमकुम लगाकर सामान्य श्रद्धालु की तरह व्यवहार किया, जिससे मंदिर के पुजारी को उस पर किसी तरह का शक नहीं हुआ।

मौका मिलते ही चुरा लिया चांदी का मुकुट

कुछ ही देर बाद आरोपी ने पुजारी का ध्यान दूसरी ओर जाते ही मौका देखकर देवी का लगभग एक किलोग्राम वजनी चांदी का मुकुट रुमाल में छिपा लिया और मंदिर से फरार हो गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही तलेगांव दाभाडे पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है।

मास्क और टोपी में आया था आरोपी

बताया जा रहा है कि आरोपी मास्क और टोपी पहनकर मंदिर में आया था। ऐसे में उसकी पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button