Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: चाकुलिया बनेगा झारखंड का दूसरा सोलर सिटी, 7 मेगावाट के सोलर प्लांट से बदलेगी तस्वीर

चाकुलिया : झारखण्ड के पूर्वी सिंहभूम जिले का चाकुलिया प्रखंड अब झारखंड के दूसरे सोलर सिटी के रूप में अपनी नई पहचान बनाने जा रहा है। चाकुलिया के पूर्णापानी क्षेत्र में 7 मेगावाट क्षमता वाले सोलर पावर प्लांट की स्थापना की जाएगी। इस परियोजना को जिले के ऊर्जा क्षेत्र में बड़ा बदलाव माना जा रहा है।इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निर्माण झारखंड नवीकरणीय ऊर्जा विकास एजेंसी (जेरेडा) की ओर से कराया जाएगा। करीब 20 एकड़ भूमि पर बनने वाले इस सोलर प्लांट पर लगभग 10 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

चाकुलिया और बहरागोड़ा को मिलेगा फायदा

सोलर पावर प्लांट शुरू होने के बाद चाकुलिया समेत बहरागोड़ा प्रखंड के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बेहतर होने की उम्मीद है। गर्मी के मौसम में लंबे समय से हो रही बिजली कटौती से लोगों को राहत मिलेगी और 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में यह बड़ा कदम माना जा रहा है।सोलर प्लांट से उत्पादित बिजली को स्थानीय पावर हाउस तक पहुंचाया जाएगा, जहां से इसे घरों, संस्थानों और अन्य उपभोक्ताओं तक वितरित किया जाएगा। इससे लोगों को स्थिर और पर्यावरण अनुकूल बिजली मिल सकेगी।

पर्यावरण संरक्षण में भी अहम भूमिका

विशेषज्ञों और स्थानीय लोगों का मानना है कि यह परियोजना सिर्फ बिजली उत्पादन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि क्षेत्रीय विकास का नया आधार बनेगी। बेहतर बिजली आपूर्ति मिलने से छोटे उद्योग, व्यापारिक प्रतिष्ठान और स्थानीय उद्यमों को भी बढ़ावा मिलेगा।सौर ऊर्जा के उपयोग से कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा। यही वजह है कि चाकुलिया को भविष्य के हरित और टिकाऊ शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में यह परियोजना बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

23 मई को होगा शिलान्यास

इस परियोजना का भूमि पूजन और शिलान्यास 23 मई को किया जाएगा। बहरागोड़ा के विधायक समीर मोहंती इस योजना का शिलान्यास करेंगे।विधायक ने बताया कि सोलर प्लांट का निर्माण कार्य शुरू करने से पहले निर्माण एजेंसी द्वारा स्थल का निरीक्षण भी किया जा चुका है। परियोजना पूरी होने के बाद चाकुलिया झारखंड के उभरते सोलर हब के रूप में भी पहचाना जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button