Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ निकाय और पंचायत चुनाव 2026 का ऐलान, 1 जून को मतदान, 4 जून को आएंगे नतीजे

रायपुर: छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2026 के कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। चुनाव प्रक्रिया 11 मई से शुरू होकर 4 जून को परिणाम घोषित होने के साथ समाप्त होगी। इस चुनाव में कुल 82 नगरीय निकाय पदों और 1228 पंचायत पदों पर मतदान कराया जाएगा।
18 मई तक भरे जाएंगे नामांकन
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार उम्मीदवार 11 मई से 18 मई तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 19 मई को होगी, जबकि उम्मीदवार 21 मई तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।
1 जून को होगा मतदान
चुनाव के लिए मतदान 1 जून को कराया जाएगा। नगरीय निकायों में मतदान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के जरिए होगा, जबकि पंचायत चुनावों में मतपेटियों का उपयोग किया जाएगा।नगरीय निकाय चुनाव के नतीजे 4 जून को घोषित किए जाएंगे। वहीं पंचायत चुनावों की मतगणना मतदान के दिन ही शुरू होगी और अंतिम परिणाम 4 जून को जारी किए जाएंगे।
82 नगरीय और 1228 पंचायत पदों पर चुनाव
निर्वाचन आयोग के अनुसार नगरीय निकायों में अध्यक्ष के 5 पद और वार्ड पार्षद के 77 पद सहित कुल 82 रिक्त पदों पर चुनाव होंगे।वहीं त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जनपद पंचायत सदस्य के 10 पद,सरपंच के 82 पद,पंच के 1136 पद सहित कुल 1228 पदों के लिए मतदान कराया जाएगा।
मतदान का समय तय
आयोग ने मतदान का समय भी निर्धारित कर दिया है।नगरीय निकायों में मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक होगा।पंचायत चुनाव में मतदान सुबह 7 बजे से दोपहर 2 से 3 बजे तक कराया जाएगा।
10 लाख से ज्यादा मतदाता करेंगे मतदान
इस चुनाव में नगरीय निकायों में 44,525 मतदाता,पंचायत क्षेत्रों में 10,37,789 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।मतदान के लिए नगरीय क्षेत्रों में 115 मतदान केंद्र,पंचायत क्षेत्रों में 937 मतदान केंद्र
बनाए गए हैं।
18 प्रकार के पहचान पत्र होंगे मान्य
निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित करने के लिए 18 प्रकार के पहचान पत्रों को मान्य किया है। मतदाता इनमें से किसी भी वैध दस्तावेज के आधार पर मतदान कर सकेंगे।
चुनाव में निष्पक्षता के लिए प्रेक्षक नियुक्त
आयोग ने निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए 5 व्यय प्रेक्षक,33 सामान्य प्रेक्षक नियुक्त किए हैं। सभी अधिकारियों को स्वतंत्र और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं।
आदर्श आचार संहिता लागू
चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है। आयोग ने रिटर्निंग अधिकारियों, मास्टर ट्रेनरों और अन्य संबंधित अधिकारियों को प्रशिक्षण देकर तैयारियां पूरी करने के निर्देश जारी किए हैं।



