Delhi INFACTNews

Delhi: दिल्ली के मोती बाग फ्लाईओवर के पास सफदरजंग की एम्बुलेंस में लगी भीषण आग, ऑक्सीजन सिलेंडर फटा

नई दिल्ली : देश की राजधानी के मोती बाग फ्लाईओवर के पास गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया। सफदरजंग अस्पताल की एक कैट एम्बुलेंस में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते वह पूरी तरह जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि हादसे के वक्त एम्बुलेंस में कोई मरीज सवार नहीं था।

शॉर्ट सर्किट से भड़की आग

जानकारी के अनुसार, एम्बुलेंस समालखा में एक मरीज को छोड़कर वापस सफदरजंग अस्पताल लौट रही थी।जब एम्बुलेंस धौला कुआं की तरफ से मोती बाग फ्लाईओवर के पास पहुंची, तभी कंडक्टर साइड की सीट के नीचे शॉर्ट सर्किट हुआ और धुआं निकलने लगा। चालक ने तुरंत खतरे को भांपते हुए एम्बुलेंस को सड़क किनारे खड़ा कर दिया, जिससे उसकी जान बच गई।

ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से हुआ धमाका

आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया। एम्बुलेंस के भीतर रखे ऑक्सीजन सिलेंडर ने आग पकड़ ली और वह एक जोरदार धमाके के साथ फट गया।इस विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पास ही खड़ी एक मोटरसाइकिल भी आग की चपेट में आ गई और पूरी तरह जल गई।धमाके की आवाज सुनते ही फ्लाईओवर के नीचे और ऊपर चल रहे वाहनों के बीच अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने वाहन छोड़कर दूर भागने लगे।

दमकल विभाग की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पाया। राहत की बात यह है कि इस पूरी घटना में कोई भी हताहत नहीं हुआ है।

जांच के लिए जुटी क्राइम और एफएसएल टीम

हादसे के बाद सड़क पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया था, जिसे आग बुझाने के बाद अब सामान्य कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम को मौके पर बुलाया है। टीम यह जांच कर रही है कि क्या एम्बुलेंस के रखरखाव में कोई चूक हुई थी या आग लगने का कारण कुछ और था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button