MP INFACTNews

Madhya Pradesh: तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार 4 युवकों को रौंदा; 3 की मौत, 5 किमी तक बाइक घसीटकर ले गया चालक

भिंड : मध्य प्रदेश के भिंड जिले के उमरी थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। नेशनल हाईवे 552 पर किशोर सिंह का पुरा गांव के पास हुई इस भिड़ंत के बाद बस चालक की बर्बरता भी देखने को मिली, जो बाइक को कई किलोमीटर तक घसीटता रहा।

टक्कर के बाद 5 किलोमीटर तक ‘मौत का तांडव’

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब 1:30 बजे एक तेज रफ्तार बस ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मारी। बाइक पर चार युवक सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बस के निचले हिस्से में फंस गई।दुर्घटना के बाद चालक ने बस रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और बाइक को किशोर सिंह के पुरा से उमरी कस्बे तक करीब 5 किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गया।रास्ते में एक कार सवार ने हॉर्न बजाकर बस को रोकने की कोशिश भी की, लेकिन चालक नहीं रुका। अंततः उमरी कस्बे के पास बस रोककर चालक मौके से फरार हो गया। इस दौरान बस में सवार यात्रियों के बीच भी अफरा-तफरी मच गई।

3 की मौत, एक ग्वालियर रेफर

इस हादसे में जानमाल का भारी नुकसान हुआ है। दो युवकों ने टक्कर के तुरंत बाद घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था।स्थानीय लोगों और 112 एंबुलेंस की मदद से घायलों को पहले रौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर भिंड जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान तीसरे युवक की भी मौत हो गई। चौथे युवक की नाजुक हालत और जिला अस्पताल में सुविधाओं की कमी को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही उमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बस को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस मृतकों की पहचान करने की कोशिश कर रही है और फरार बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है। नेशनल हाईवे पर हुई इस घटना के बाद कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button