Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: दिल्ली-जयपुर हाईवे हादसे के मृतकों के परिजनों को मिला 40-40 लाख मुआवजा, नौकरी का भी ऑफर लेटर

सरायकेला-खरसावां: दिल्ली-जयपुर हाईवे के कापड़ियावास क्षेत्र में निर्माणाधीन साइट पर हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों के परिजनों को राहत मिलनी शुरू हो गई है। बुधवार को कांड्रा स्थित फोर सीजंस रिसॉर्ट में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने मृतकों के आश्रितों को मुआवजा राशि का चेक और नौकरी के लिए ऑफर लेटर सौंपा।

मिट्टी धंसने से सात मजदूरों की हुई थी मौत

गौरतलब है कि इस हादसे में निर्माणाधीन साइट पर मिट्टी धंसने से कुल सात मजदूरों की मौत हो गई थी, जिनमें से छह मजदूर झारखंड के सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम जिले के निवासी थे। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई थी और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

हरियाणा सरकार ने दी कुल 40 लाख की आर्थिक सहायता

घटना के बाद प्रशासन ने राहत कार्य चलाते हुए सभी शवों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।
हरियाणा सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को पहले ही 20-20 लाख रुपये की सहायता राशि दी गई थी। बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में शेष 20-20 लाख रुपये का चेक भी सौंपा गया, जिससे प्रत्येक परिवार को कुल 40 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिल गई। इसके साथ ही आश्रितों को नौकरी का ऑफर लेटर भी दिया गया।

सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी: संजय सेठ

कार्यक्रम के दौरान मंत्री संजय सेठ ने कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता दी जाएगी। उन्होंने इस हादसे को अत्यंत दुखद बताते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

कांड्रा में मंत्री का हुआ भव्य स्वागत

इससे पहले गम्हरिया पूर्वी प्रखंड अध्यक्ष अमरेश गोस्वामी के नेतृत्व में कांड्रा आगमन पर मंत्री का मेन रोड में गाजे-बाजे के साथ भव्य स्वागत किया गया और माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांड्रा में ट्रेनों के ठहराव और खराब सड़क की समस्या का मुद्दा भी उठाया। इस पर मंत्री ने आश्वासन दिया कि जल्द ही इन समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

इस अवसर पर आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार, जिला अध्यक्ष हरे कृष्ण प्रधान, विद्या सागर दुबे, सुनीता मिश्रा, छवि गोराई, विजय श्रीवास्तव, विनोद झा, विवेक कुमार, सोनू कुमार, विशाल मोदक, अशोक सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button