Bihar: रोहतास में गैस सिलेंडर की किल्लत से भड़के लोग, आरा-सासाराम स्टेट हाईवे किया जाम

रोहतास: जिले में घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत से नाराज उपभोक्ताओं का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। नोखा के काली मंदिर के पास आरा-सासाराम स्टेट हाईवे को ग्रामीणों ने जाम कर दिया। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर गैस सिलेंडर रखकर प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कई दिनों से सिलेंडर नहीं मिलने से बढ़ी परेशानी
ग्रामीणों का कहना है कि कई दिनों से नंबर लगाने के बावजूद उन्हें गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा है। गैस एजेंसी के चक्कर लगाने के बाद भी सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा है, जिससे लोग काफी परेशान हो चुके हैं।
गैस एजेंसी पर मनमानी का आरोप
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि गैस एजेंसी मनमानी कर रही है और आम उपभोक्ताओं की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। इसी नाराजगी के कारण लोगों ने मुख्य मार्ग को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
सड़क जाम से लगा वाहनों का लंबा जाम
सड़क जाम होने के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया।प्रशासन ने लोगों को आश्वासन दिया कि गैस आपूर्ति की समस्या को जल्द दूर किया जाएगा।



