Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: जमशेदपुर के उलीडीह में विश्वनाथ ज्वेलर्स से 24 लाख के गहने उड़ा ले गया शातिर, सीसीटीवी में कैद हुई करतूत

जमशेदपुर : लौहनगरी के मानगो स्थित उलीडीह ओपी अंतर्गत शंकोसाई रोड नंबर एक में मंगलवार सुबह एक शातिर अपराधी ने फिल्मी अंदाज में ज्वेलरी दुकान को अपना निशाना बनाया। ‘विश्वनाथ ज्वेलर्स’ में खरीदारी के बहाने आए एक युवक ने दुकानदार को झांसे में लेकर करीब 23 से 24 लाख रुपये के सोने के आभूषण पार कर दिए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और जांच शुरू कर दी है।

पहले भरोसा जीता, फिर दिया वारदात को अंजाम

घटनाक्रम के अनुसार, आरोपी युवक ने बेहद योजनाबद्ध तरीके से इस चोरी को अंजाम दिया। पीड़ित दुकानदार अभिजीत दत्ता (विश्वनाथ दत्ता के पुत्र) ने बताया कि आरोपी सोमवार शाम को भी दुकान आया था। उसने 5700 रुपये के आभूषण खरीदे और समय पर भुगतान कर विश्वास जीत लिया। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे वह दोबारा दुकान पहुँचा। उसने कुछ गहने पसंद किए और ₹1000 एडवांस देते हुए कहा कि वह शाम को बाकी पैसे देकर गहने ले जाएगा। बातचीत के दौरान जब अभिजीत का ध्यान भटका, युवक ने काउंटर पर रखे एक डिब्बे को गायब कर दिया और आराम से दुकान से बाहर निकल गया।

सीसीटीवी फुटेज से खुला 24 लाख की चोरी का राज

युवक के जाने के कुछ देर बाद जब अभिजीत ने स्टॉक चेक किया, तो उसे एक डिब्बा गायब मिला।शक होने पर जब दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई, तो युवक डिब्बा चोरी करते हुए साफ नजर आया।दुकानदार के अनुसार, उस डिब्बे में करीब 23 से 24 लाख रुपये मूल्य के सोने के विभिन्न आभूषण रखे हुए थे।

पुलिस की कार्रवाई: आरोपी की तलाश तेज

सूचना मिलते ही उलीडीह ओपी पुलिस मौके पर पहुँची और घटनास्थल का मुआयना किया।पुलिस ने दुकान और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले लिए हैं। सोमवार को की गई खरीदारी के आधार पर भी अपराधी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button