Bihar INFACTNews

Bihar: नालंदा में सीएम नीतीश कुमार के काफिले के दौरान टला बड़ा हादसा,महिला पुलिसकर्मी ने बचाई बच्ची की जान

नालंदा: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के काफिले के दौरान एक महिला पुलिसकर्मी की सतर्कता और बहादुरी से बड़ा हादसा टल गया। यह घटना उस समय हुई जब मुख्यमंत्री समृद्धि यात्रा के तहत नालंदा कॉलेज से सड़क मार्ग होते हुए भराव स्थित फ्लाईओवर के उद्घाटन के लिए जा रहे थे। इस दौरान एक छोटी बच्ची अचानक सड़क पार करने लगी और तेज रफ्तार एम्बुलेंस की चपेट में आने से बाल-बाल बच गई।

काफिले के गुजरते समय अचानक सड़क पर आई बच्ची

जानकारी के अनुसार, जब मुख्यमंत्री का काफिला भैंसासुर देवी मंदिर के पास रांची रोड स्थित देवी स्थान के समीप पहुंचा, उसी समय एक छोटी बच्ची अचानक सड़क पार करने लगी।काफिले के साथ एक एम्बुलेंस भी तेज गति से गुजर रही थी और बच्ची उसके बेहद करीब पहुंच चुकी थी। कुछ ही सेकंड में बड़ा हादसा हो सकता था और मौके पर मौजूद लोग घबरा गए।

महिला पुलिसकर्मी ने दिखाई बहादुरी

इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात एक महिला पुलिसकर्मी ने अद्भुत सतर्कता और फुर्ती दिखाते हुए तुरंत दौड़ लगाई और बच्ची को अपनी ओर खींच लिया।महिला पुलिसकर्मी की इस त्वरित कार्रवाई से बच्ची एम्बुलेंस की चपेट में आने से बाल-बाल बच गई। इस पूरी घटना को देखकर वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।

स्थानीय लोगों ने की पुलिसकर्मी की सराहना

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने महिला पुलिसकर्मी की बहादुरी और सूझबूझ की जमकर प्रशंसा की। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर पुलिसकर्मी ने समय रहते यह कदम नहीं उठाया होता, तो एक बड़ा हादसा हो सकता था।लोगों ने कहा कि पुलिसकर्मी ने जिस तरह अपनी जिम्मेदारी निभाई, वह काबिले तारीफ है और इससे एक मासूम की जान बच गई।

काफिले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था थी कड़ी

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पूरे इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी जगह-जगह तैनात थे ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।महिला पुलिसकर्मी की सूझबूझ ने इस दौरान न सिर्फ एक बड़ा हादसा टाल दिया, बल्कि यह भी दिखा दिया कि ड्यूटी के दौरान सतर्कता कितनी जरूरी होती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button