
Sports: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को लेकर आईपीएल 2026 से पहले एक बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आदित्य बिड़ला ग्रुप के नेतृत्व वाले निवेशक समूह ने करीब 16,706 करोड़ रुपये (1.78 बिलियन डॉलर) में आरसीबी को खरीद लिया है।इस निवेशक समूह में टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप, बोल्ट वेंचर्स और ब्लैकस्टोन की प्राइवेट इक्विटी यूनिट भी शामिल है। इस ऐतिहासिक सौदे ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है।
यूनाइटेड स्पिरिट्स से खरीदी गई 100% हिस्सेदारी
रिपोर्ट्स के अनुसार यह डील यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड (यूएसएल) के साथ हुई है, जिसके तहत निवेशक समूह ने आरसीबी की 100% हिस्सेदारी हासिल कर ली है।इस सौदे की खास बात यह है कि इसमें आरसीबी की पुरुष और महिला दोनों टीमें शामिल हैं, जो फिलहाल क्रमशः इंडियन प्रीमियर लीग और महिला प्रीमियर लीग की मौजूदा चैंपियन हैं।इस डील के साथ ही आरसीबी टी20 क्रिकेट इतिहास की सबसे महंगी फ्रेंचाइजी बन गई है।
राजस्थान रॉयल्स का रिकॉर्ड भी टूटा
हाल ही में राजस्थान रॉयल्स की फ्रेंचाइजी करीब 15,300 करोड़ रुपये में बेची गई थी, जिसे अब आरसीबी ने पीछे छोड़ दिया है।इस नए सौदे ने आईपीएल की बढ़ती ब्रांड वैल्यू और वैश्विक निवेशकों की दिलचस्पी को फिर से साबित कर दिया है।
आर्यमन विक्रम बिड़ला होंगे चेयरमैन
नई डील के साथ फ्रेंचाइजी के नेतृत्व को लेकर भी जानकारी सामने आई है।आर्यमन विक्रम बिड़ला को आरसीबी का चेयरमैन बनाया जाएगा।सत्यन गजवानी को वाइस-चेयरमैन की जिम्मेदारी दी जाएगी।इसके अलावा निवेशक समूह में डेविड ब्लिट्जर और विरल पटेल भी शामिल हैं।इस मौके पर कुमार मंगलम बिड़ला ने कहा कि पिछले दो दशकों में आईपीएल एक वैश्विक स्पोर्टिंग पावरहाउस बन चुका है और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु जैसी बड़ी फ्रेंचाइजी ग्लोबल स्पोर्ट्स में पहचान मजबूत करने का शानदार अवसर देती है।
बीसीसीआई और सीसीआई की मंजूरी बाकी
हालांकि इस डील को अंतिम रूप मिलने के लिए अभी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड और भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग की मंजूरी बाकी है।अगर यह मंजूरी मिल जाती है तो आईपीएल 2026 से पहले आरसीबी नए मालिकों और नई रणनीति के साथ मैदान में उतर सकती है।



