NewsUP INFACT

Uttar Pradesh: कछला शाहबाद हाईवे पर मर्डर से हड़कंप, ट्यूबवेल की कोठरी में चौकीदार को उतारा मौत के घाट

बदायूं (बिल्सी): उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के बिल्सी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कछला-शाहबाद हाईवे किनारे एक खेत में बनी ट्यूबवेल की कोठरी के भीतर वृद्ध चौकीदार सुरेंद्र सिंह (65) की नृशंस हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

दूध लेने पहुंचे मालिक के उड़े होश

घटना का खुलासा तब हुआ जब खेत मालिक नरेश चंद माहेश्वरी (निवासी मोहल्ला नंबर दो) रोजाना की तरह मंगलवार सुबह गाय का दूध लेने अपने खेत पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि कोठरी का दरवाजा अंदर से बंद है। संदेह होने पर जब उन्होंने दरवाजे की दराज से अंदर झांक कर देखा, तो उनके होश उड़ गए। अंदर सुरेंद्र सिंह का शव खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था।

25 साल की वफादारी का खौफनाक अंत

परिजनों के अनुसार, मुजरिया थाना क्षेत्र के अलीगंज निवासी सुरेंद्र सिंह पिछले 20-25 वर्षों से नरेश चंद के खेत पर चौकीदारी कर रहे थे।मृतक के भतीजे रामनिवास ने बताया कि सुरेंद्र सिंह के इकलौते बेटे संतोष की 10 साल पहले मृत्यु हो चुकी है। उनकी दो बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। घर में अकेले होने के कारण वे कोठरी पर ही रहकर अपना जीवन गुजार रहे थे।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही बिल्सी कोतवाल मनोज कुमार सिंह और सीओ सुनील कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने और फिंगरप्रिंट्स एकत्र किए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल की स्थिति को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि हत्या में धारदार हथियार का इस्तेमाल किया गया है।

अज्ञात हमलावरों की तलाश जारी

सीओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह लूट के इरादे से की गई हत्या है या फिर कोई पुरानी रंजिश। खेत के आसपास रहने वाले लोगों और मृतक के संपर्क में रहने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button