
शिवपुरी : मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ करैरा थाना क्षेत्र में शनिवार को कोर्ट जा रहे एक अधिवक्ता की अज्ञात हमलावरों ने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और वकीलों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
एकांत रास्ते पर किया हमला
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान संजय कुमार सक्सेना के रूप में हुई है, जो करैरा के घिरियाली मोहल्ला (पुराना बाजार) के निवासी थे। वारदात करैरा किले के पीछे आनंद सागर मंदिर के पास सिद्धन रोड पर हुई।संजय सक्सेना अपनी बाइक से करैरा कोर्ट की ओर जा रहे थे, तभी एकांत रास्ते पर घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उन पर गोलियां बरसा दीं। हमलावर पैदल थे या किसी वाहन से, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
दूसरे वकील की पड़ी नजर, अस्पताल में तोड़ा दम
वारदात के कुछ देर बाद उसी रास्ते से गुजर रहे एक अन्य वकील की नजर सड़क पर लहुलुहान पड़े संजय सक्सेना पर पड़ी। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जमीनी विवाद में हत्या का शक
परिजनों ने पुलिस को बताया कि संजय सक्सेना का कुछ लोगों के साथ लंबे समय से जमीनी विवाद चल रहा था।परिजनों ने इस पुरानी रंजिश के चलते चार विशिष्ट व्यक्तियों पर हत्या का संदेह जताया है। परिवार का आरोप है कि आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से जमीन हड़पने और रंजिश निकालने के उद्देश्य से इस हत्याकांड को अंजाम दिया है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।पुलिस आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी शुरू कर दी है और मोबाइल लोकेशन के आधार पर संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
“प्रथम दृष्टया मामला पुरानी रंजिश का लग रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों द्वारा बताए गए संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है, जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।”
— पुलिस अधिकारी, करैरा थाना



