Bihar INFACTNews

Bihar: सांसद पप्पू यादव 2 दिन की न्यायिक हिरासत में, राहुल-प्रियंका बोले “नीट छात्रा की न्याय की आवाज़ दबाने के लिए हुई गिरफ्तारी”

पटना: पूर्णिया सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी के बाद बिहार का सियासी पारा सातवें आसमान पर है। शुक्रवार की आधी रात को पटना स्थित उनके आवास से हुई गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने शनिवार दोपहर उन्हें कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने पप्पू यादव को दो दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। स्वास्थ्य कारणों के चलते उन्हें फिलहाल (पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल) में रखा जाएगा, जहाँ उनकी जमानत पर सोमवार को सुनवाई होगी।

31 साल पुराना मामला और पुलिस पर पथराव का नया केस

पटना पुलिस के मुताबिक, पप्पू यादव को 31 साल पुराने एक लंबित मामले में गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के दौरान हुई गहमागहमी को लेकर पुलिस ने एक और बड़ा दावा किया है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के वक्त पप्पू यादव के समर्थकों ने पुलिस का रास्ता रोका और बाधा डाली। पुलिस अब वीडियो फुटेज के आधार पर उन समर्थकों की पहचान कर रही है जिन्होंने कार्रवाई में अड़ंगा लगाया।

राहुल गांधी का हमला: “यह भाजपा-एनडीए का पुराना मॉडल है”

सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी खुलकर समर्थन में उतर आए हैं। उन्होंने ‘एक्स’ (X) पर इसे ‘राजनीतिक प्रतिशोध’ करार देते हुए कहा “पटना में नीट छात्रा की संदिग्ध मौत ने सिस्टम की सड़ांध उजागर कर दी है। जब परिवार ने न्याय मांगा, तो भाजपा-एनडीए का वही पुराना मॉडल सामने आ गया—केस भटकाओ और अपराधियों को संरक्षण दो। पप्पू यादव जी की गिरफ्तारी केवल इसलिए हुई ताकि जवाबदेही मांगने वाली आवाज को दबाया जा सके।”राहुल गांधी ने इसे एक भयावह साजिश और खतरनाक पैटर्न बताते हुए बिहार की बेटियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

प्रियंका गांधी ने घेरा: “आरोपियों को बचाने की हो रही कोशिश”

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने भी तीखा हमला करते हुए कहा कि हॉस्टल में छात्रा की हत्या का मामला झकझोर देने वाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि FIR से लेकर जांच तक, सबकुछ संदिग्ध बना दिया गया है। प्रियंका ने हाथरस, उन्नाव और अंकिता भंडारी केस का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकारें हमेशा पीड़िता के बजाय आरोपियों के साथ खड़ी नजर आती हैं।

नीट छात्रा की मौत बना मुख्य मुद्दा

पप्पू यादव लगातार पटना में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध मौत के खिलाफ आवाज उठा रहे थे। कांग्रेस का आरोप है कि इस मामले में किसी बड़े रसूखदार को बचाने के लिए पप्पू यादव को रास्ते से हटाया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button