Jharkhand: जमशेदपुर के भालूबासा में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग, बुजुर्ग महिला की जलकर मौत

जमशेदपुर। सीतारामडेरा थाना अंतर्गत भालूबासा स्थित इंद्रानगर जोड़ा मंदिर के पास बुधवार देर रात एक घर में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में सो रहे लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
नींद में सो रहे थे घर के लोग, मची अफरा-तफरी
घटना के समय घर के सभी सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे। अचानक घर के अंदर से चीख-पुकार की आवाज़ सुनाई दी। देखते ही देखते पूरे घर में धुआं और आग की लपटें फैल गईं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
85 वर्षीय महिला की झुलसकर मौत
इस दर्दनाक हादसे में घर के अंदर फंसी 85 वर्षीय शोभा मुखर्जी की झुलसकर मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, घर की छत पर मौजूद एक तोते की भी दम घुटने से मौत हो गई।
फायर ब्रिगेड एक घंटे बाद पहुंची मौके पर
घटना की सूचना तत्काल सीतारामडेरा थाना और फायर ब्रिगेड को दी गई। हालांकि, सूचना देने के करीब एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका।
पुलिस ने शव को भेजा टीएमएच अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर टीएमएच अस्पताल भेज दिया, जहां शव को सुरक्षित रखा गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस और फायर विभाग द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।इस हादसे के बाद भालूबासा और इंद्रानगर इलाके में मातम का माहौल है। स्थानीय लोग घटना से बेहद दुखी और आक्रोशित नजर आए।



