Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: 20 जनवरी को जमशेदपुर आएंगे पूज्य आध्यात्मिक गुरु डॉ. चंद्र भानु सतपथी,श्री साईं सेंटर में होगा आध्यात्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम

जमशेदपुर। शिरडी साईं बाबा के महान उपासक एवं विश्वविख्यात आध्यात्मिक गुरु पूज्य डॉ. चंद्र भानु सतपथी जी आगामी 20 जनवरी 2026 (मंगलवार) को जमशेदपुर प्रवास पर आ रहे हैं। वे शाम 6 बजे श्री साईं सेंटर में पधारेंगे। गुरुजी के आगमन को लेकर शहर के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।उल्लेखनीय है कि श्री साईं सेंटर की पवित्र प्राण प्रतिष्ठा 28 अक्टूबर 2012 को स्वयं पूज्य गुरुजी के करकमलों द्वारा श्रद्धापूर्वक संपन्न कराई गई थी। गुरुजी का यह आगमन श्रद्धालुओं के लिए एक बार फिर आध्यात्मिक सौभाग्य लेकर आ रहा है।

श्री साईं सेंटर में भव्य आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन

गुरुजी के आगमन के अवसर पर श्री साईं सेंटर परिसर में आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।कार्यक्रम की शुरुआत 20 जनवरी को शाम 6.00 बजे से शुरू होगा।शाम 6.15 बजे बजे नृत्य-गायन प्रस्तुति,शाम 6.45 बजे भजन संध्या,शाम 7.10 बजे कोमल (सांस्कृतिक प्रस्तुति) और शाम 7.45 बजे से पूज्य गुरुजी का आध्यात्मिक उद्बोधन होगा।

गुरुजी का संक्षिप्त परिचय

पूज्य डॉ. चंद्र भानु सतपथी जी शिरडी साईं बाबा के सिद्ध उपासक एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्यातिप्राप्त आध्यात्मिक गुरु हैं। वे बाबा के श्रद्धा और सबूरी के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी शिक्षाएँ पवित्रता, विनम्रता, आत्म-अनुशासन और निःस्वार्थ सेवा पर आधारित हैं, जो व्यक्ति के आंतरिक परिवर्तन और नैतिक जीवन को दिशा देती हैं।

प्रशासनिक सेवा से आध्यात्मिक साधना तक का प्रेरणादायी सफर

शिक्षाविदों एवं प्रशासकों के परिवार में जन्मे गुरुजी ने 1972 में भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में उत्तर प्रदेश कैडर से अपना प्रशासनिक जीवन प्रारंभ किया। उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए 2008 में पुलिस महानिदेशक (DGP) के पद से सेवानिवृत्ति ली।अपने उत्कृष्ट सेवा कार्यों के लिए उन्हें राष्ट्रपति द्वारा निम्न सम्मानों से अलंकृत किया गया जिसमे पुलिस पदक (वीरता) – 1985,पुलिस पदक (सराहनीय सेवा) – 1991,विशिष्ट सेवा के लिए पुलिस पदक – 1997।

अंतरराष्ट्रीय विद्वान व मानवतावादी व्यक्तित्व

प्रशासनिक सेवा के साथ-साथ गुरुजी एक प्रख्यात लेखक, आध्यात्मिक चिंतक, परोपकारी एवं मानवतावादी हैं। उनका योगदान धर्म, जाति, वर्ग, लिंग और सामाजिक सीमाओं से ऊपर उठकर मानवता के कल्याण के लिए समर्पित रहा है।

गुरुजी को मिले प्रमुख सम्मान

आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में योगदान के लिए गुरुजी को कई प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया गया है।‘श्री गुरु भागवत’ सम्मान – तत्कालीन राष्ट्रपति श्रीमती प्रतिभा पाटिल द्वारा (2012),बाबा बैद्यनाथ संगीत रत्न – 2011,दिव्य संगीत शिरोमणि – 2011,महापुरुष जगन्नाथ दास सम्मान – 2011 (ओडिया आध्यात्मिक साहित्य में योगदान हेतु)।

श्री साईं सेंटर की प्रमुख गतिविधियाँ

श्री साईं सेंटर जमशेदपुर द्वारा नियमित रूप से सामाजिक एवं आध्यात्मिक सेवाएँ संचालित की जाती हैं, जिनमें दैनिक पूजा एवं आरती,सत्यनारायण कथा एवं अखंड परायण,विजय दशमी, राम नवमी एवं गुरु पूर्णिमा पर भव्य आयोजन,अन्नदान, भोग वितरण एवं मासिक भोजन सेवा और समाज के लिए निःशुल्क चिकित्सा क्लिनिक का संचालन होता है।

अध्यक्ष एस. के. बेहरा ने की अपील

इस संबंध में श्री साईं सेंटर के अध्यक्ष श्री एस. के. बेहरा ने आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि गुरुजी के आगमन को लेकर सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button