Bihar INFACTNewsRegional

Bihar: मुजफ्फरपुर में दर्दनाक हादसा, ईंट लेने जा रही पिकअप पलटी, 5 बच्चे दबे, एक की मौत, चार गंभीर रूप से घायल

मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र स्थित बीएमपी-6 के पास गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ईंट ढोने के लिए जा रही एक सीएनजी पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें सवार पाँच बच्चे पिकअप के नीचे दब गए। इस हादसे में एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं।

इकलौते पुत्र की मौत, परिवार में मातम

मृतक किशोर की पहचान कोठिया गांव निवासी राज कुमार राम के 13 वर्षीय पुत्र कुंदन कुमार के रूप में हुई है। कुंदन अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। हादसे के बाद से उसके परिवार में गहरा मातम पसरा हुआ है।बताया जा रहा है कि कोठिया गांव के ये सभी बच्चे सीएनजी पिकअप वैन पर सवार होकर ईंट ढोने के लिए जा रहे थे। अनियंत्रित होकर वाहन अचानक सड़क पर पलट गया। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पिकअप को सीधा कर नीचे दबे बच्चों को बाहर निकाला।

दुर्घटना के बाद भड़का आक्रोश, सड़क जाम और बवाल

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साई भीड़ ने सड़क जाम कर जमकर बवाल किया। लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन में जमकर तोड़फोड़ भी की।मौके पर पहुँची पुलिस टीम और हंगामा कर रहे लोगों के बीच हाथापाई की नौबत भी आ गई। काफी मशक्कत के बाद पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने और लोगों को शांत कराने में सफल हुई।इस बीच, गंभीर रूप से घायल हुए चार बच्चों को आनन-फानन में स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।

पुलिस ने कहा- ओवर स्पीडिंग से हुआ हादसा

मिठनपुरा थाना प्रभारी संतोष कुमार पंकज ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ओवर स्पीडिंग के कारण वाहन अनियंत्रित हुआ और पलट गया, जिससे एक बच्चे की मौत हो गई और चार घायल हुए हैं। हादसे के बाद पिकअप का चालक मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है।पुलिस ने मृतक किशोर के शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button