Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: बिहार एसोसिएशन के शताब्दी समारोह में नीलोत्पल मृणाल की कविताओं ने बांधा समां,मणिका दूबे की गजलों और गीतों पर बजीं तालियां

जमशेदपुर। बिहार एसोसिएशन के शताब्दी वर्ष समारोह के तहत गुरुवार को साकची स्थित राजेंद्र विद्यालय के ऑडिटोरियम में काव्य संध्या का आयोजन किया गया। इसमें प्रसिद्ध कवि, लेखक एवं चिंतक नीलोत्पल मृणाल ने अपनी कविताओं और चुटीले अंदाज से श्रोताओं का मन मोह लिया। वहीं, कवयित्री मणिका दूबे और कवि विकास बौखल ने भी अपनी रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को खूब हंसाया और भावुक किया। कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

नीलोत्पल मृणाल ने सुनाए रोचक अनुभव और चर्चित सोहर गीत

काव्य संध्या में नीलोत्पल मृणाल ने यूपीएससी की तैयारी के दौरान के अपने अनुभवों को हास्यपूर्ण अंदाज में साझा किया। उन्होंने बचपन पर आधारित कविता सुनाकर श्रोताओं को भावुक कर दिया। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी उन्होंने काव्यात्मक अंदाज में अपनी बात रखी।उन्होंने कहा कि बिहारी अपनी मिट्टी और जड़ों को कभी नहीं भूलते। हमने सम्राट अशोक को अपना माना और अब सम्राट चौधरी को भी अपना मान रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहारी कहीं भी जाए, अपनी संस्कृति और मिट्टी को साथ लेकर चलता है।नीलोत्पल मृणाल ने जमशेदपुर की विशेषता बताते हुए कहा कि यह भारतीय संस्कृति का वास्तविक नमूना है, जहां टाटा में पूरा भारत बसता है। उन्होंने अपने चर्चित सोहर गीत ‘बबुआ के मम्मी हई महलों की रानी, पापा हवें रंगदार रिलवा’ सहित अन्य रचनाएं प्रस्तुत कर श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।

मणिका दूबे के गीतों ने श्रोताओं को किया भावुक

कवयित्री मणिका दूबे ने मां की ममता और त्याग पर आधारित गीत प्रस्तुत किए। उनके गीत ‘कभी मां की हथेली चूम लेना’ ने श्रोताओं को भावुक कर दिया। उनकी गजलों और गीतों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं और प्रस्तुतियों की सराहना की।वहीं, कवि विकास बौखल ने अपनी हास्य कविताओं से कार्यक्रम का माहौल खुशनुमा बनाए रखा। उनकी प्रस्तुतियों ने भी श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। बिहार एसोसिएशन के शताब्दी वर्ष समारोह के तहत आयोजित इस काव्य संध्या में हास्य, व्यंग्य, संस्कृति और संवेदनाओं का सुंदर संगम देखने को मिला।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button