BreakingDelhi INFACTNews

Delhi: पीएम मोदी ने नेपाली पीएम बालेन शाह को भेंट की ‘संपूर्ण रामायण’ पेंटिंग, बनारसी स्टोल और गंगाजल

नई दिल्ली: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह भारत दौरे पर हैं। सोमवार को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई। मुलाकात के दौरान पीएम मोदी ने अपने नेपाली समकक्ष बालेन शाह को भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जुड़ी तीन खास भेंट दीं। इनमें ‘कलमकारी संपूर्ण रामायण’ पेंटिंग, ‘सदेली’ बॉक्स में रखा बनारसी ब्रोकेड स्टोल और वाराणसी से लाया गया गंगाजल शामिल है।इसके अलावा दोनों नेताओं ने उत्तर प्रदेश के अयोध्या और नेपाल के जनकपुर के बीच ट्रेन सेवा को वर्चुअली हरी झंडी दिखाई। इन पहलों को भारत और नेपाल के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक संबंधों को मजबूत करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

भगवान राम के जीवन की घटनाओं को दर्शाती है कलमकारी पेंटिंग

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, पीएम मोदी ने बालेन शाह को ‘कलमकारी संपूर्ण रामायण’ नामक पेंटिंग भेंट की। इस कलाकृति में भगवान राम के जीवन की प्रमुख घटनाओं को दर्शाया गया है। इसमें उनके जन्म, वनवास, रावण पर विजय और अयोध्या वापसी तक के प्रसंग शामिल हैं।आंध्र प्रदेश की पारंपरिक श्रीकालहस्ती शैली में तैयार इस पेंटिंग को सूती कपड़े पर बांस की कलम और प्राकृतिक रंगों से हाथ से बनाया गया है। यह भारत की समृद्ध कहानी कहने की परंपरा, भक्ति और पारंपरिक शिल्प कौशल को प्रदर्शित करती है।यह भेंट अयोध्या और जनकपुर के बीच गहरे आध्यात्मिक और सांस्कृतिक संबंधों का भी प्रतीक है। अयोध्या को भगवान राम की नगरी और जनकपुर को माता सीता की जन्मस्थली माना जाता है। दोनों स्थान भारत और नेपाल की साझा धार्मिक विरासत से जुड़े हैं।

सदेली बॉक्स में दिया बनारसी ब्रोकेड स्टोल

पीएम मोदी ने नेपाली प्रधानमंत्री को वाराणसी का प्रसिद्ध बनारसी ब्रोकेड स्टोल भी भेंट किया। इसे गुजरात के पारंपरिक ‘सदेली’ बॉक्स में रखा गया था।रेशम से तैयार इस स्टोल पर कुशल कारीगरों ने बारीक नक्काशी और चमकदार जरी का काम किया है। वहीं, सदेली बॉक्स पर लकड़ी की पारंपरिक बारीक नक्काशी और ज्यामितीय डिजाइन बनाए गए हैं। यह भेंट भारत की विविध हस्तशिल्प परंपराओं और क्षेत्रीय कलात्मक विरासत को दर्शाती है।

पीतल के कलश में भेंट किया वाराणसी का गंगाजल

तीसरी भेंट के रूप में पीएम मोदी ने बालेन शाह को वाराणसी से लाया गया गंगाजल दिया। इसे पीतल के कलश में रखा गया था। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, यह जल काशी विश्वनाथ मंदिर के पास गंगा नदी से लिया गया था।यह भेंट वाराणसी के बाबा विश्वनाथ और काठमांडू के भगवान पशुपतिनाथ के बीच आध्यात्मिक संबंध को दर्शाती है। दोनों ही भगवान शिव के पूजनीय स्वरूप हैं। इसे भारत और नेपाल के गहरे धार्मिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत रिश्तों का प्रतीक माना गया है।

अयोध्या-जनकपुर ट्रेन सेवा को भी दिखाई हरी झंडी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने अयोध्या और जनकपुर के बीच ट्रेन सेवा को वर्चुअली हरी झंडी दिखाई। यह रेल संपर्क भगवान राम और माता सीता से जुड़े दोनों प्रमुख धार्मिक स्थलों को जोड़ता है।पीएम मोदी की ओर से दी गई तीनों भेंट और ट्रेन सेवा की शुरुआत भारत-नेपाल के बीच साझा विरासत, सांस्कृतिक निकटता और मित्रता को मजबूत करने के संदेश के रूप में सामने आई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button