Jharkhand: तिलक समारोह से लौट रही गाड़ी सड़क हादसे का शिकार, 33 वर्षीय युवक की मौत समेत पांच घायल

पलामू। झारखंड के पलामू जिले में शनिवार अहले सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। हादसा मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के बिसफुट्टा पुल के पास सुबह करीब चार बजे हुआ। सभी लोग मामा की बेटी के तिलक समारोह से कार में सवार होकर लौट रहे थे। दुर्घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
अनियंत्रित कार पेड़ से टकराकर पलटी
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, विश्रामपुर थाना क्षेत्र के बघमनवा गांव निवासी 33 वर्षीय धर्मेंद्र पाल अपने रिश्तेदारों के साथ शुक्रवार रात नावाबाजार थाना क्षेत्र के रबदा गांव से सतबरवा थाना क्षेत्र के पोलपोल गांव गए थे। वहां उनके मामा की बेटी का तिलक समारोह आयोजित था।समारोह समाप्त होने के बाद सभी लोग किराये की कार (जेएच 01 जी एक्स 7027) से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बिसफुट्टा पुल के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई और पलट गई। हादसे में धर्मेंद्र पाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार पांच अन्य लोग घायल हो गए।
दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया
घटना के बाद घायलों ने परिजनों को हादसे की सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) ले गए। वहां डॉक्टरों ने धर्मेंद्र पाल को मृत घोषित कर दिया।घायलों में मुकेश कुमार पाल और भरत कुमार पाल की हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया।
तेज रफ्तार और लापरवाही से हादसे की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चालक द्वारा तेज गति और लापरवाही से कार चलाने के कारण दुर्घटना होने की बात सामने आई है। सूचना मिलने के बाद मेदिनीनगर शहर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।इधर, एमएमसीएच पुलिस चौकी के महेंद्र कुमार और अन्य कर्मियों ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया। साथ ही घायलों को रांची रेफर कराने में भी मदद की।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
हादसे के बाद जिस घर और समारोह स्थल पर खुशियों का माहौल था, वहां मातम पसर गया। धर्मेंद्र पाल की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को गहरे दुख में बदल दिया।



