BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: चाईबासा में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण को लेकर बैठक, 22 दिसंबर को प्रकाशित होगी अंतिम सूची

चाईबासा: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर शुक्रवार को निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी, सदर चाईबासा संजय कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में एलआरडीसी जितराय मुर्मू और सदर अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार की मौजूदगी में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एसआईआर की आगामी प्रक्रिया और निर्धारित समय-सीमा पर विस्तार से चर्चा की गई।

एएसडीडी सूची में शामिल मतदाताओं पर विशेष चर्चा

बैठक में विशेष रूप से एएसडीडी सूची में चिह्नित मतदाताओं के नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया, गणना प्रपत्रों के वितरण एवं संग्रहण और मतदाता सूची के पुनरीक्षण पर विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित संशोधित समय-सारणी के विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा हुई।इस दौरान झारखंड सरकार के मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी-सह-सचिव की ओर से गुरुवार को जारी पत्र के आलोक में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों और आगामी कार्ययोजना की जानकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी गई।

22 दिसंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 18 नवंबर तक गणना प्रपत्रों का निर्माण एवं मुद्रण किया जाना है। इसके बाद 18 नवंबर से 30 नवंबर तक प्रपत्रों का वितरण और संग्रहण होगा। वहीं, 10 दिसंबर तक प्राप्त गणना प्रपत्रों का निस्तारण किया जाना है।दावा एवं आपत्तियों से संबंधित प्रक्रिया 15 दिसंबर तक पूरी की जाएगी। निर्वाचन आयोग ने अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के लिए 22 दिसंबर की तिथि निर्धारित की है।

समय-सीमा में प्रक्रिया पूरी करने पर जोर

बैठक में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने, निर्वाचन पदाधिकारियों और राजनीतिक दलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।विशेष रूप से एएसडीडी सूची में चिह्नित मतदाताओं से संबंधित कार्यों को व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर चर्चा हुई।

विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद

बैठक में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से त्रिशानु राय, भारतीय जनता पार्टी की ओर से रंजन प्रसाद, बहुजन समाज पार्टी की ओर से जेम्स हेम्ब्रम, झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से कैसर परवेज और आजसू पार्टी की ओर से तुलसी देवगम उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button