Bihar INFACTNews

Bihar: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सुरक्षा घेरे से निशांत कुमार को रोकने का वीडियो वायरल, एसएसजी ने बताया मानवीय भूल

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सुरक्षा घेरे में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को कथित तौर पर रोके जाने का वीडियो वायरल होने के बाद मामला गरमा गया है। विवाद बढ़ने पर मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात स्पेशल सिक्योरिटी ग्रुप ने सफाई जारी की है। एसएसजी ने इसे मानवीय भूल बताते हुए कहा कि सुरक्षाकर्मी ने सिक्योरिटी प्रोटोकॉल के तहत काम करने के दौरान अनजाने में ऐसा किया।

पुल निरीक्षण के दौरान सामने आया था वीडियो

दरअसल, बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल (नीतीश सेतु) के निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान एक वीडियो सामने आया, जिसमें मुख्यमंत्री के पीछे खड़े निशांत कुमार को एक सुरक्षाकर्मी हाथ से रोकता हुआ नजर आ रहा है।वीडियो वायरल होने के बाद जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता और एमएलसी नीरज कुमार ने इस पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने बिहार पुलिस मुख्यालय से मामले की जांच कराने की मांग की थी।

एसएसजी ने जांच के बाद जारी किया बयान

विवाद बढ़ने के बाद मुख्यमंत्री की सुरक्षा संभालने वाले विशेष सुरक्षा दल ने वरिष्ठ रैंक के अधिकारी से घटना की जांच कराई। गुरुवार को जारी बयान में एसएसजी ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों द्वारा स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को हटाने की घटना को प्रचारित किया जा रहा है।एजेंसी के मुताबिक, जांच में पाया गया कि एसएसजी के सुरक्षाकर्मी ने सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत कार्य करने के दौरान मानवीय भूल से ऐसा किया। एसएसजी ने इसी आधार पर घटना को अनजाने में हुई गलती बताया।

करीब दो दशक तक निशांत को सुरक्षा देती रही है एसएसजी

एसएसजी के बयान में यह भी कहा गया कि निशांत कुमार को कुछ महीने पहले तक इसी सुरक्षा एजेंसी की सुरक्षा मिली हुई थी। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत को एसएसजी ने लगभग दो दशक तक सुरक्षा मुहैया कराई है।हालांकि, सम्राट सरकार में स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद निशांत कुमार को जेड श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है।

नीरज कुमार ने बताया दुखद और पीड़ादायक

वीडियो वायरल होने के बाद बिहार की राजनीति में भी इस मुद्दे पर बयानबाजी शुरू हो गई। जेडीयू एमएलसी और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने घटना को दुखद और पीड़ादायक बताया।गुरुवार को मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों के सिलसिले में निशांत कुमार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ गए थे। निशांत वैशाली के प्रभारी मंत्री होने के साथ पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे भी हैं।नीरज कुमार ने कहा कि सामने आया वीडियो चिंता का विषय है। उन्होंने बिहार पुलिस मुख्यालय से जांच की मांग करते हुए कहा कि यह पता लगाया जाना चाहिए कि निशांत कुमार के साथ ऐसा जानबूझकर किया गया या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।

अशोक चौधरी बोले- सुरक्षाकर्मी निशांत को देख नहीं पाए

वहीं, सम्राट सरकार में जेडीयू कोटे के मंत्री अशोक चौधरी ने इस मामले को बेवजह तूल देने की बात कही। उन्होंने कहा कि निशांत कुमार पीछे से आए थे, इसलिए सुरक्षाकर्मी उन्हें देख नहीं पाए। अशोक चौधरी के मुताबिक, सुरक्षाकर्मी की मंशा गलत नहीं थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button