Bihar INFACTBreakingNews

Bihar: बिहार के बीजेपी विधायक राजू सिंह को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, फिलहाल बची रहेगी विधायकी

मुजफ्फरपुर: बिहार के साहेबगंज से भारतीय जनता पार्टी के विधायक राजू कुमार सिंह को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। दिल्ली में न्यू ईयर पार्टी के दौरान हर्ष फायरिंग में महिला डॉक्टर की मौत के मामले में शीर्ष अदालत ने उनकी दोषसिद्धि पर रोक लगा दी है। इस फैसले से फिलहाल उनकी विधानसभा सदस्यता पर मंडरा रहा खतरा टल गया है। अब मामले में आगे की कानूनी सुनवाई के बाद ही अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी।

महिला डॉक्टर की मौत मामले में मिली थी चार साल की सजा

दिल्ली के फतेहपुर बेरी स्थित एक फार्म हाउस में 31 दिसंबर 2018 को न्यू ईयर पार्टी आयोजित की गई थी। इस पार्टी में विधायक राजू सिंह अपनी पत्नी के साथ मौजूद थे। आरोप है कि पार्टी के दौरान हवा में हर्ष फायरिंग की गई, जिसमें वहां मौजूद महिला डॉक्टर अर्चना गुप्ता को गोली लग गई। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

राउज एवेन्यू कोर्ट ने सुनाई थी चार साल की सजा

इस मामले में दिल्ली पुलिस ने विधायक राजू सिंह, उनकी पत्नी रेणू देवी समेत कुल चार लोगों को आरोपी बनाया था। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट के विशेष न्यायाधीश विशाल गोगने ने 6 जून 2026 को विधायक राजू सिंह को गैर इरादतन हत्या के मामले में दोषी करार दिया था।इसके बाद 4 जुलाई को अदालत ने उन्हें चार साल की जेल और 25 लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी। अदालत ने विधायक की पत्नी समेत तीन अन्य आरोपियों को रिहा कर दिया था। विधायक को आईपीसी की धारा 304 (भाग-दो) और आर्म्स एक्ट की धारा 30 के तहत दोषी ठहराया गया था।

दिल्ली हाईकोर्ट से नहीं मिली थी दोषसिद्धि पर रोक

निचली अदालत के फैसले के खिलाफ विधायक राजू सिंह ने दिल्ली हाईकोर्ट में अपील दायर की थी। हाईकोर्ट ने उन्हें जमानत तो दे दी, लेकिन दोषसिद्धि पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था। इसके बाद विधायक ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया।अब सुप्रीम कोर्ट ने उनकी दोषसिद्धि पर रोक लगाकर उन्हें फिलहाल बड़ी राहत दी है।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले से फिलहाल टला विधायकी पर संकट

निचली अदालत से चार साल की सजा मिलने के बाद राजू सिंह की विधानसभा सदस्यता पर खतरा मंडराने लगा था। कानून के प्रावधानों के तहत किसी जनप्रतिनिधि को दो साल या उससे अधिक की सजा होने पर उसकी सदस्यता पर अयोग्यता का संकट पैदा हो सकता है।सुप्रीम कोर्ट से दोषसिद्धि पर रोक मिलने के बाद फिलहाल उनकी विधायकी बची रहेगी। अब मामले में आगे की सुनवाई और अंतिम कानूनी आदेश के आधार पर स्थिति तय होगी।

हाईकोर्ट में आगे होगी सुनवाई

विधायक राजू सिंह के वकील विनोद कुमार ने बताया कि राउज एवेन्यू कोर्ट से मिली सजा के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई होगी। फिलहाल सुप्रीम कोर्ट ने दोषसिद्धि पर रोक लगा दी है। इस आदेश से विधायक को तत्काल राहत मिली है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button