BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: कांड्रा में पेट्रोल पंप के सामने हाईवा के टायरों में लगी आग, कर्मचारियों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

कांड्रा: सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना अंतर्गत गुप्ता ऑटोमोबाइल इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के सामने शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक हाईवा के टायरों में अचानक आग लग गई। हाईवा संख्या JH 02BP 2961 कांड्रा की ओर से सरायकेला जा रहा था। गनीमत रही कि पेट्रोल पंप के कर्मचारियों की तत्परता और सूझबूझ से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।

लगातार चलने से गर्म हुए टायर, अचानक उठने लगीं आग की लपटें

मिली जानकारी के अनुसार, हाईवा के लगातार चलने के कारण उसके टायर अत्यधिक गर्म हो गए थे। इसी दौरान पेट्रोल पंप के सामने अचानक टायरों में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। पेट्रोल पंप के समीप आग लगने से आसपास मौजूद लोगों में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पेट्रोल पंप कर्मियों ने अग्निशमन उपकरणों से पाया काबू

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गुप्ता ऑटोमोबाइल इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने तत्काल मोर्चा संभाला। कर्मचारियों ने बिना समय गंवाए अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। उनकी तत्परता और सूझबूझ के कारण आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया।

समय रहते नहीं बुझती आग तो हो सकता था बड़ा नुकसान

पेट्रोल पंप के ठीक सामने हाईवा के टायरों में आग लगने की घटना बेहद संवेदनशील थी। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो आग पेट्रोल पंप तक पहुंच सकती थी, जिससे बड़ी दुर्घटना होने और भारी जान-माल के नुकसान की आशंका थी।पेट्रोल पंप कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता से संभावित बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने भी कर्मचारियों की तत्परता और साहस की सराहना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button