BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: विधानसभा समिति के सभापति सुरेश पासवान ने की जिला स्तरीय विकास कार्यों और लंबित प्रश्नों की समीक्षा; अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

सरायकेला। झारखंड विधानसभा की अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति के सभापति सह विधायक सुरेश पासवान की अध्यक्षता में बुधवार को सरायकेला-खरसावां परिसदन सभागार में जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधानसभा में सदस्यों द्वारा उठाए गए सवालों के क्रियान्वयन और अनुपालन की विभागवार समीक्षा की गई।बैठक से पहले परिसदन पहुंचने पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वगियारी ने सभापति सुरेश पासवान को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

लंबित सवालों की विभागवार समीक्षा

बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने विधानसभा में उठाए गए प्रश्नों के अनुपालन और अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी समिति के समक्ष रखी। इस दौरान लंबित प्रश्नों के निष्पादन की स्थिति और संबंधित विभागों की ओर से की गई कार्रवाई की विस्तार से समीक्षा की गई। विभागवार समीक्षा के बाद सभापति ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जनहित के मामलों में देरी बर्दाश्त नहीं होगी

विधायक सुरेश पासवान ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विधानसभा में उठाए गए प्रश्नों को गंभीरता से लें और उनसे जुड़े जनहित के मामलों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विधानसभा में उठाए जाने वाले सवाल आम लोगों की समस्याओं और अपेक्षाओं को सदन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे मामलों के निष्पादन में अधिकारियों की जवाबदेही और संवेदनशीलता जरूरी है।सभापति ने विधानसभा में दिए गए आश्वासनों और निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।

समय-सीमा में कार्रवाई पूरी करने का निर्देश

सभापति ने सभी संबंधित विभागों को लंबित प्रश्नों की समीक्षा कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका निष्पादन करने का निर्देश दिया। साथ ही अनुपालन प्रतिवेदन में की गई कार्रवाई और वर्तमान स्थिति की स्पष्ट एवं अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराने को कहा।उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और लंबित मामलों की प्रगति पर नियमित निगरानी रखने की भी हिदायत दी।बैठक में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वगियारी, उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button