BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: पारसनाथ की पहाड़ियों में सर्च ऑपरेशन, भारी मात्रा में जिलेटिन और डेटोनेटर बरामद

गिरिडीह: पारसनाथ की पहाड़ियों में नक्सली गतिविधियों की आशंका के मद्देनजर सीआरपीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान जोकाई नाला और सतकटिया के जंगली एवं पहाड़ी इलाकों से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और संचार उपकरण बरामद किए गए। बरामद सामान में 494 जिलेटिन पीस, 16 कमर्शियल डेटोनेटर, कॉर्डेक्स वायर के नौ बंडल और दो क्षतिग्रस्त वायरलेस सेट शामिल हैं।सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि विस्फोटक सामग्री किसी नक्सली गतिविधि के उद्देश्य से छिपाकर रखी गई थी। हालांकि, इसे किस मकसद से रखा गया था और किसी वारदात में इसके इस्तेमाल की योजना थी या नहीं, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

गुप्त सूचना पर चलाया गया अभियान

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 की रात गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार और सीआरपीएफ की 154वीं बटालियन के कमांडेंट सुनील दत्त त्रिपाठी को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना में पारसनाथ पहाड़ी क्षेत्र के चतरो गांव के अंतर्गत जोकाई नाला और सतकटिया के आसपास के जंगली इलाकों में विस्फोटक सामग्री एवं अन्य सामान छिपाकर रखे जाने की बात कही गई थी।सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और सीआरपीएफ अधिकारियों के नेतृत्व में संयुक्त कार्रवाई की योजना बनाई गई। इसके बाद सीआरपीएफ की 154वीं बटालियन के डिप्टी कमांडेंट भट्टाचार्य उपाध्याय भास्कर और खुखरा थाना प्रभारी रविंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में सीआरपीएफ, जैप और जिला पुलिस बल की संयुक्त टीम गठित की गई।

सुबह से दोपहर तक चला सर्च ऑपरेशन

29 अक्टूबर की सुबह संयुक्त टीम ने पारसनाथ पहाड़ी क्षेत्र के कानीडीह, चतरो, जोकाई नाला और सतकटिया के जंगलों एवं पहाड़ी इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया। सुबह से दोपहर तक चले अभियान के दौरान संदिग्ध स्थानों की जांच की गई। इसी क्रम में सुरक्षा बलों को छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री और संचार उपकरण मिले।

494 जिलेटिन पीस और 16 डेटोनेटर बरामद

सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने एमुलडाईन कंपनी के 494 पीस जिलेटिन ,16 कमर्शियल डेटोनेटर, जो आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त थे। नौ बंडल कॉर्डेक्स वायर ,प्रत्येक बंडल में लगभग 200 मीटर तार होने की जानकारी दी गई है। दो क्षतिग्रस्त वायरलेस सेट, जिनमें एक मोटोरोला और दूसरा टॉकअबाउट कंपनी का है। राइफल से संबंधित सामग्री: काले रंग की राइफल की सीलिंग के दो पीस और एक क्षतिग्रस्त स्पीकर बरामद की। जिलेटिन, डेटोनेटर और कॉर्डेक्स वायर की बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से ले रही हैं।

संयुक्त टीम में शामिल रहे कई अधिकारी

इस अभियान में सीआरपीएफ की 154वीं बटालियन के डिप्टी कमांडेंट भट्टाचार्य उपाध्याय भास्कर, इंस्पेक्टर निमाईचंद महतो, खुखरा थाना प्रभारी रविंद्र कुमार सिंह, हरलाडीह ओपी प्रभारी नीरज कुमार और खुखरा थाना के सहायक अवर निरीक्षक नीलमचंद्र एक्का समेत सीआरपीएफ, जैप और जिला पुलिस बल के जवान शामिल थे।सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई को पारसनाथ के पहाड़ी एवं जंगली क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बरामद सामग्री के संबंध में जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button