Delhi: गाजियाबाद में पुलिस मुठभेड़ में बावरिया गैंग का बदमाश धर्मेंद्र उर्फ टिड्डी ढेर, तीन पुलिसकर्मी घायल

गाजियाबाद: दिल्ली से सटे गाजियाबाद के निवाड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस के अनुसार, इस दौरान बावरिया गैंग का कथित कुख्यात बदमाश धर्मेंद्र उर्फ टिड्डी उर्फ बावरिया मारा गया। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। मुठभेड़ में क्राइम ब्रांच के तीन पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
नहर की पटरी पर हुई मुठभेड़
पुलिस के मुताबिक, गाजियाबाद क्राइम ब्रांच की टीम की धर्मेंद्र से निवाड़ी क्षेत्र में नहर की पटरी पर मुठभेड़ हुई। धर्मेंद्र अमरोहा जिले के बर्शी गांव का रहने वाला था। पुलिस का दावा है कि मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से गोलीबारी हुई, जिसमें धर्मेंद्र मारा गया।इस दौरान क्राइम ब्रांच के तीन पुलिसकर्मी विनीत, अमित और हिमांशु भी गोली लगने से घायल हो गए। तीनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्टल बरामद करने की जानकारी दी है।
दोनों ओर से करीब 15 राउंड फायरिंग
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से करीब 15 राउंड फायरिंग हुई। धर्मेंद्र पर गाजियाबाद के निवाड़ी और बागपत के खेकड़ा क्षेत्र में 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इस तरह उस पर कुल एक लाख रुपये का इनाम था।पुलिस के अनुसार, धर्मेंद्र कथित तौर पर अपने गिरोह के साथ मिलकर डकैती की वारदातों को अंजाम देता था। उसके खिलाफ अलग-अलग थाना क्षेत्रों में करीब 17 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
एक साल से तलाश में जुटी थीं पुलिस टीमें
गाजियाबाद पुलिस के मुताबिक, धर्मेंद्र की तलाश पिछले करीब एक साल से की जा रही थी। बागपत और गाजियाबाद पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही थीं। अब मुठभेड़ के बाद पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और कथित आपराधिक गतिविधियों के संबंध में आगे की जांच कर सकती है।



