Jharkhand: गोविंदपुर में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, डीसी आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार ने संभाला मोर्चा

गोविंदपुर: एनएच-19 के किनारे अवैध अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। उपायुक्त आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार खुद सड़क पर उतरे और अभियान की निगरानी की। इस दौरान बुलडोजर चलाकर सड़क किनारे बने चबूतरों, दुकानों और अन्य अवैध निर्माणों को हटाया गया। प्रशासन का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाना और लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत दिलाना है।
एंबुलेंस से लेकर छात्रों तक को हो रही थी परेशानी
गोविंदपुर में एलिवेटेड फ्लाईओवर के निर्माण और भारी वाहनों के दबाव के कारण लंबे समय से जाम की समस्या बनी हुई है। स्थिति ऐसी हो गई थी कि एंबुलेंस तक घंटों जाम में फंस रही थीं। इसके अलावा लोगों की फ्लाइट छूटने और छात्रों के परीक्षा केंद्रों तक देर से पहुंचने जैसी शिकायतें भी सामने आ रही थीं।इन्हीं समस्याओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान तेज किया।
छह महीने से दी जा रही थी नोटिस
उपायुक्त आदित्य रंजन के अनुसार, प्रशासन पिछले करीब छह महीनों से अतिक्रमण हटाने के लिए लोगों को व्यक्तिगत नोटिस दे रहा था। इसके साथ ही मुनादी कराकर भी लोगों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की अपील की जा रही थी।डीसी के मुताबिक, करीब 80 प्रतिशत लोगों ने खुद ही अतिक्रमण हटा लिया था। शेष 10 से 20 प्रतिशत अवैध कब्जों को प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई कर हटाया।
सड़क को समतल बनाने और नालियों को दुरुस्त करने का काम
अतिक्रमण हटाने के साथ सड़क को सुगम बनाने के लिए भी कई काम किए जा रहे हैं। सड़क से ऊंचे नाली के स्लैब को काटकर सड़क के स्तर पर लाया जा रहा है। बिजली के खंभों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है।इसके अलावा सर्विस लेन के गड्ढों को भरने और रोलर चलाकर सड़क को समतल बनाने का काम जारी है। प्रशासन का मानना है कि इन उपायों से वाहनों की आवाजाही आसान बनाने में मदद मिलेगी।
अगले साल नवंबर तक फ्लाईओवर पूरा करने का निर्देश
उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि एलिवेटेड फ्लाईओवर का निर्माण अगले वर्ष नवंबर तक पूरा करने का निर्देश दिया गया है। निर्माण कार्य के दौरान यातायात संबंधी समस्याओं को कम करने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए एजेंसी को निर्देश
एसएसपी प्रभात कुमार ने ट्रैफिक डीएसपी को यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए ठोस कार्ययोजना लागू करने का निर्देश दिया है। वहीं, फ्लाईओवर निर्माण एजेंसी को निर्माण क्षेत्र के दोनों ओर पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित वॉलेंटियर तैनात करने को कहा गया है, ताकि वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने में ट्रैफिक पुलिस को सहयोग मिल सके।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क पर अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और लोगों की सुविधा तथा सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए अभियान जारी रहेगा। स्थानीय लोगों ने कार्रवाई का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे गोविंदपुर में जाम की समस्या से राहत मिलेगी।



