Bihar INFACTNews

Bihar: मोतिहारी में युवक की चाकू से गोदकर हत्या, घर से बुलाकर ले गए थे युवक

मोतिहारी: बिहार के मोतिहारी जिले में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या का मामला सामने आया है। तुरकौलिया थाना क्षेत्र के जयसिंहपुर में रेतवा नदी के किनारे मंगलवार सुबह युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के शरीर पर चाकू से करीब दो दर्जन वार किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।मृतक की पहचान जयसिंहपुर खिरुआ बाजार निवासी भूलन साह के पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है।

रात में घर से बुलाकर ले गए थे युवक

परिजनों के अनुसार, सोमवार रात करीब आठ बजे सुनील साह के पुत्र और दो अन्य युवक दीपक को घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। इसके बाद दीपक वापस घर नहीं लौटा। मंगलवार सुबह नदी किनारे उसका शव मिलने की जानकारी पर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे।शव की स्थिति देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

शरीर पर चाकू से करीब दो दर्जन वार

पुलिस के अनुसार, दीपक के शरीर पर चाकू से करीब 24 वार किए जाने की बात सामने आई है। हत्या के पीछे की वजह का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस कई बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।घटनास्थल से मीट-भूंजा और शराब की खाली पाउच भी मिली है। इससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या से पहले दीपक और उसके साथ गए युवकों ने वहां खाना-पीना किया होगा। हालांकि, पुलिस ने इस आशंका की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी दिलीप कुमार, तुरकौलिया थानाध्यक्ष रंजीत कुमार, दारोगा मनीष राज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। डीएसपी के निर्देश पर एफएसएल की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया।एफएसएल टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही उन युवकों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है, जो सोमवार रात दीपक को घर से अपने साथ लेकर गए थे।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

सदर डीएसपी दिलीप कुमार ने बताया कि मामले में छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि हत्यारों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर हत्या की वास्तविक वजह और इसमें शामिल लोगों की पहचान स्पष्ट होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button