Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: बासोडीह प्लस टू स्कूल में शिक्षकों की कमी के खिलाफ आंदोलन खत्म, 15 दिन में व्यवस्था का आश्वासन

कोडरमा: राज्य संपोषित प्लस टू उच्च विद्यालय बासोडीह में शिक्षकों की कमी समेत विभिन्न शैक्षणिक समस्याओं को लेकर दो दिनों से आंदोलन कर रहे छात्र-छात्राओं ने गुरुवार को धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया। जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) मुकुल राज के टेलीफोनिक आश्वासन के बाद विद्यार्थियों ने आंदोलन खत्म करने पर सहमति जताई। डीईओ ने 15 दिनों के भीतर विद्यालय में शिक्षकों की कमी दूर करने और प्रतिनियुक्त शिक्षकों को वापस विद्यालय भेजने का आश्वासन दिया है।

शिक्षकों की कमी को लेकर दो दिनों से आंदोलन

विद्यालय में शिक्षकों की कमी को लेकर छात्र-छात्राएं बुधवार से ही आंदोलन कर रहे थे। गुरुवार को भी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर से पैदल मार्च कर प्रखंड मुख्यालय की ओर जाने का प्रयास किया।इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर आंदोलन समाप्त कराने का प्रयास किया, लेकिन विद्यार्थी अपनी मांगों पर अड़े रहे। छात्र मौके पर उपायुक्त कोडरमा को बुलाने की मांग कर रहे थे।

2900 विद्यार्थियों पर महज 8 शिक्षक

छात्रों ने बताया कि विद्यालय में करीब 2900 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जबकि वर्तमान में केवल आठ शिक्षक कार्यरत हैं। शिक्षकों की कमी के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही है और विद्यार्थियों को अपने भविष्य को लेकर चिंता बनी हुई है।आंदोलनरत छात्रों ने विद्यालय की अन्य समस्याओं को भी उठाया। इनमें जर्जर विद्यालय भवन, पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था नहीं होना और लिपिक की कमी प्रमुख हैं।

15 दिनों में शिक्षकों की व्यवस्था का आश्वासन

काफी देर तक चले गतिरोध के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी मुकुल राज ने फोन पर छात्रों से बात की। उन्होंने समस्याओं के समाधान की दिशा में जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया।डीईओ ने 15 दिनों के भीतर विद्यालय में शिक्षकों की व्यवस्था करने और प्रतिनियुक्त शिक्षकों को वापस विद्यालय भेजने का आश्वासन दिया। इसके बाद छात्रों ने धरना समाप्त करने पर सहमति जताई।विद्यार्थियों ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित अवधि में उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे दोबारा आंदोलन करेंगे और 17 अक्टूबर तक जिला कार्यालय में धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।

विद्यालय और प्रखंड मुख्यालय में पुलिस तैनात

आंदोलन को देखते हुए विद्यालय परिसर और प्रखंड मुख्यालय में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। मौके पर बीडीओ सह अंचलाधिकारी मनोज कुमार रवि, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी अशोक उपाध्याय, थाना प्रभारी बबलू कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button