Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: जमशेदपुर में अवैध जुआ-लॉटरी के खिलाफ कार्रवाई, दो थाना क्षेत्रों से चार गिरफ्तार

जमशेदपुर: शहर में अवैध जुआ और लॉटरी के कारोबार के खिलाफ पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से नकद रुपये, लॉटरी बोर्ड, मोबाइल फोन, डायरी, नोटबुक और जुआ-लॉटरी से जुड़े अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं। बुधवार को प्रेस वार्ता कर सिटी एसपी ललित कुमार मीणा ने दोनों मामलों की जानकारी दी।

साकची में लॉटरी और जुआ संचालन की सूचना पर छापेमारी

सिटी एसपी के अनुसार, साकची थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि बिरसा मुंडा टेम्पो स्टैंड और मुर्गा लाइन के आसपास अवैध रूप से जुआ और लॉटरी का संचालन किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल गठित किया गया।छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान होमपाइप कल्याण नगर निवासी नीरज कुमार सिंह (30), काशीडीह निवासी दिलीप पासवान (28) और होमपाइप निर्मल नगर निवासी अरविंद कुमार सिंह (32) के रूप में हुई है।

लॉटरी बोर्ड, नकद और मोबाइल बरामद

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से दो लॉटरी बोर्ड और 2,510 रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा विभिन्न अंकों और नंबरों से भरी एक कॉपी, एक मोबाइल फोन तथा मोबाइल में कथित तौर पर संचालित ऑनलाइन लॉटरी एप से संबंधित स्क्रीनशॉट भी मिलने की बात पुलिस ने कही है।इस मामले में साकची थाना कांड संख्या 70/2026 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

सीतारामडेरा के छायानगर में भी कार्रवाई

दूसरी कार्रवाई सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर में की गई। पुलिस को यहां अवैध जुआ संचालन की सूचना मिली थी। पुलिस टीम के पहुंचते ही कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए, जबकि पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिरसानगर निवासी राहुल कुमार (32) के रूप में हुई है।

1,820 रुपये और जुआ-लॉटरी से जुड़ा सामान बरामद

पुलिस के अनुसार, राहुल कुमार के पास से 1,820 रुपये नकद, एक एंड्रॉयड मोबाइल, पॉकेट डायरी, नोटबुक और जुआ-लॉटरी में इस्तेमाल होने वाला पेपर चार्ट बरामद किया गया है।इस मामले में सीतारामडेरा थाना कांड संख्या 104/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश

सिटी एसपी ललित कुमार मीणा ने बताया कि दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अवैध जुआ और लॉटरी के कारोबार में इनके अलावा और कौन-कौन लोग शामिल हैं।पुलिस के अनुसार, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है। शहर में अवैध जुआ और लॉटरी के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात पुलिस ने कही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button