Bihar INFACTNews

Bihar: डीआईजी के नाम पर घुस मांगने मामले में एक्शन, वैशाली महिला थानाध्यक्ष पूर्णिमा कुमारी निलंबित

हाजीपुर : वैशाली में डीआईजी के नाम पर रिश्वत मांगने के आरोप से जुड़े वायरल ऑडियो मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। महिला थाना की थानाध्यक्ष पुलिस अवर निरीक्षक पूर्णिमा कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई महिला थाना कांड संख्या 64/25 से संबंधित वायरल ऑडियो क्लिप की जांच के बाद की गई है। इसकी जानकारी वरीय पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।

वायरल ऑडियो की जांच में प्रामाणिकता सही पाई गई

पुलिस उप महानिरीक्षक, तिरहुत क्षेत्र, मुजफ्फरपुर के आदेश पर वायरल ऑडियो क्लिप का सत्यापन कराया गया था। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान ऑडियो क्लिप की प्रामाणिकता सही पाई गई।सत्यापन में यह भी सामने आया कि वायरल ऑडियो 22 अगस्त 2026 का है। इसके साथ ही महिला थाना परिसर में उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज का भी सत्यापन किया जा रहा है।

केस से नाम हटाने के बदले अनैतिक लाभ मांगने का आरोप

मामले की जांच अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-2, लालगंज गोपाल मंडल ने की। जांच के दौरान वायरल ऑडियो में महिला थाना कांड संख्या 64/25 के एक अभियुक्त के परिजन से बातचीत सामने आने की बात पुलिस ने कही है।पुलिस के अनुसार, बातचीत में अभियुक्त का नाम केस से हटाने के एवज में अनैतिक लाभ की मांग किए जाने से संबंधित तथ्य मिले हैं।

पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों से की गई पूछताछ

जांच के दौरान संबंधित पुलिसकर्मियों के अलावा अन्य लोगों से भी पूछताछ की गई। जांच टीम ने उपलब्ध साक्ष्यों और सामने आए तथ्यों का परीक्षण किया।पुलिस के मुताबिक, जांच प्रतिवेदन में महिला थाना की थानाध्यक्ष पूर्णिमा कुमारी का आचरण प्रथम दृष्टया अनैतिक और संदिग्ध प्रतीत होने की बात कही गई।

जांच रिपोर्ट के आधार पर तत्काल निलंबन

पुलिस ने बताया कि जांच प्रतिवेदन के आधार पर पूर्णिमा कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वायरल ऑडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि होने और विभागीय कार्रवाई के बाद मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच भी जारी है।पुलिस थाना परिसर के सीसीटीवी फुटेज समेत उपलब्ध अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button