Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: रांची में दो लूटकांडों का खुलासा, 6 आरोपी गिरफ्तार; वाहन, मोबाइल और नकदी बरामद

रांची: रांची पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई दो लूट की घटनाओं का खुलासा करते हुए कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त वाहन, मोबाइल फोन, नकदी और अन्य सामान बरामद किया है। दोनों मामलों में अरगोड़ा थाना में अलग-अलग कांड दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

बूटी मोड़ के पास ऑटो चालक और साथी पर लूट का आरोप

पहली घटना 10 सितंबर की रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। बिहार के गया निवासी 61 वर्षीय मो. अनजार अहमद ऑटो से अपने घर लौट रहे थे। आरोप है कि बूटी मोड़ के पास ऑटो चालक ने मुख्य मार्ग छोड़कर वाहन को सुनसान रास्ते की ओर मोड़ दिया।पीड़ित के अनुसार, इसके बाद चालक और उसके साथियों ने चाकू का भय दिखाकर उनके साथ मारपीट की और 22 हजार रुपये नकद, दस्तावेज और मोबाइल फोन लूट लिया।इस संबंध में अरगोड़ा थाना कांड संख्या 242/26 दर्ज किया गया था।

तकनीकी अनुसंधान के आधार पर दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले की जांच के दौरान तकनीकी अनुसंधान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपियों में चिक्कू कुमार यादव और मोनी सिंह उर्फ पाजी उर्फ मनवीर सिंह, जो ऑटो चालक बताया गया है।पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टेम्पू और लूटा गया सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।

जन्मदिन पार्टी से लौट रहे युवक को कथित तौर पर एक्सयूवी में उठाया

दूसरी घटना 14 सितंबर की रात करीब 12:10 बजे की है। हर्ष कुमार अपने दोस्तों के साथ जन्मदिन की पार्टी से आई-20 कार में लालपुर से घर लौट रहे थे।कार्तिक उरांव चौक के पास उनकी कार खराब हो गई, जिसके कारण वे सड़क किनारे रुके थे। इसी दौरान एक महिंद्रा एक्सयूवी 500 वहां पहुंची।आरोप है कि एक्सयूवी में सवार 3-4 लोगों ने हर्ष कुमार को जबरन पकड़कर अपनी गाड़ी में बैठा लिया।

चार आरोपी गिरफ्तार, एक्सयूवी और मोबाइल बरामद

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कई टीमों का गठन कर छापेमारी शुरू की। कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तार आरोपियों में विनय कुमार साहू,अशगर खान,भोला नायक और आकाश कुमार साहू शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त महिंद्रा एक्सयूवी 500, पांच स्मार्टफोन और 6,500 रुपये नकद बरामद किए हैं।इसके अलावा पुलिस को हर्ष कुमार के हस्ताक्षर वाला एक स्टांप पेपर भी मिला है, जिसकी भूमिका की जांच की जा रही है।

अरगोड़ा थाना में दर्ज हुआ दूसरा मामला

दूसरी घटना के संबंध में अरगोड़ा थाना कांड संख्या 246/26 दर्ज किया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(1), 140(4), 118(1), 118(2), 123 और 109(3)(5) के तहत कार्रवाई की गई है।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी आकाश कुमार साहू का भी पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है और वह लोहरदगा थाना क्षेत्र के एक मामले में पहले जेल जा चुका है।

दोनों मामलों में पुलिस की आगे की जांच जारी

रांची पुलिस दोनों घटनाओं से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गिरफ्तार आरोपियों के साथ अन्य लोग भी इन घटनाओं में शामिल थे या नहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button