Jharkhand: झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने दिया अल्टीमेटम, 5 दिनों में विधायक जयराम महतो की गिरफ्तारी नहीं हुई तो राज्यभर में आंदोलन

रांची। डुमरी के विधायक सह जेएलकेएम के केंद्रीय अध्यक्ष जयराम महतो और धनबाद के बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार के बीच कथित फोन वार्ता और धमकी के मामले ने तूल पकड़ लिया है। झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने विधायक जयराम महतो की पांच दिनों के भीतर गिरफ्तारी और मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की है।एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई नहीं की गई, तो झारखंड के पुलिस पदाधिकारी और पुलिसकर्मी राज्यव्यापी आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
प्रदेश अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू ने दी आंदोलन की चेतावनी
रांची में झारखंड पुलिस एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू ने कहा कि पुलिसकर्मियों और पुलिस पदाधिकारियों के सम्मान एवं गरिमा की रक्षा करना संगठन का दायित्व है।उन्होंने कहा कि यदि विधायक जयराम महतो और मामले के अन्य आरोपियों के खिलाफ पांच दिनों के भीतर गिरफ्तारी और अपेक्षित कानूनी कार्रवाई नहीं की जाती है, तो राज्यभर के एसोसिएशन पदाधिकारी और सदस्य सामूहिक रूप से आंदोलन करेंगे।
21 अगस्त की रात की कथित फोन बातचीत का मामला
आरोप है कि 21 अगस्त की रात धनबाद के बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार को विधायक जयराम महतो ने फोन किया था। पुलिस एसोसिएशन के अनुसार, बातचीत के दौरान थाना प्रभारी के साथ कथित रूप से गाली-गलौज और धमकी दी गई।आरोप के मुताबिक, विधायक ने कथित तौर पर थाना प्रभारी को यह भी कहा कि तबादला होने के बाद भी वह राज्य के जिस थाने में रहेंगे, वहां उनकी नौकरी मुश्किल कर दी जाएगी।
बरवाअड्डा थाना में दर्ज है मामला
इस मामले को लेकर बरवाअड्डा थाना कांड संख्या 146/26 दिनांक 22 अगस्त 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई है।पुलिस एसोसिएशन के अनुसार, मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 221, 224, 132, 351(2), 352 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसमें विधायक जयराम महतो समेत करीब 10 लोगों को आरोपी बनाया गया है।एसोसिएशन का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद अब तक आरोपियों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है, जिसके कारण संगठन ने सरकार और पुलिस प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
पुलिसकर्मियों के खिलाफ बयानबाजी पर भी जताई आपत्ति
झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने विधायक जयराम महतो की ओर से सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर पुलिसकर्मियों के संबंध में की जा रही कथित बयानबाजी पर भी आपत्ति जताई है।एसोसिएशन का कहना है कि इस तरह की बयानबाजी से पुलिस पदाधिकारियों और कर्मचारियों के सम्मान एवं गरिमा को ठेस पहुंच रही है। संगठन ने मामले में कानून के अनुसार निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
5 दिनों में कार्रवाई नहीं तो राज्यव्यापी आंदोलन
झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने साफ कहा है कि यदि पांच दिनों के भीतर विधायक जयराम महतो और अन्य आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी अथवा अपेक्षित कार्रवाई सुनिश्चित नहीं की गई, तो राज्यभर के पुलिस पदाधिकारी और पुलिसकर्मी आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।इस चेतावनी के बाद जयराम महतो और बरवाअड्डा थाना प्रभारी से जुड़े कथित ऑडियो एवं धमकी प्रकरण को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज होने की संभावना है।



