Jharkhand: सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड में मेस फीस बढ़ोतरी के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन, भूख हड़ताल शुरू

रांची: सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड के मुख्य परिसर में रविवार रात तक मेस फीस बढ़ोतरी और भोजन की गुणवत्ता को लेकर छात्रों का आंदोलन जारी रहा। मेस शुल्क में अप्रत्याशित बढ़ोतरी और खाने की गुणवत्ता में लगातार गिरावट से नाराज सैकड़ों छात्र विश्वविद्यालय के मुख्य गेट पर धरने पर बैठे हैं।आंदोलन को तेज करते हुए कुछ छात्रों ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने की घोषणा की है। इससे विश्वविद्यालय परिसर में प्रशासनिक हलचल बढ़ गई है।
बिना सूचना मेस फीस बढ़ाने का छात्रों का आरोप
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने बिना पूर्व सूचना और छात्र प्रतिनिधियों से परामर्श किए मेस फीस में भारी बढ़ोतरी कर दी है।छात्रों का कहना है कि फीस बढ़ने के बावजूद रोजाना मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता में सुधार के बजाय लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। इससे छात्रों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
छात्रों ने रखीं ये प्रमुख मांगें
आंदोलन कर रहे छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के सामने कई मांगें रखी हैं इनमें प्रमुख रूप से बढ़ाई गई मेस फीस तत्काल वापस लेने की मांग,भोजन की गुणवत्ता में सुधार,मेस मेन्यू तय करने में छात्रों की अनिवार्य भागीदारी,मेस वेंडर की कथित लापरवाही पर सख्त कार्रवाई और फीस और मेस व्यवस्था से जुड़े फैसलों में छात्रों से पारदर्शी संवाद शामिल है।
लिखित आश्वासन पर अड़े छात्र
रविवार रात तक छात्र मुख्य गेट पर धरने पर बैठे रहे और नारेबाजी करते रहे। विश्वविद्यालय प्रशासन और सुरक्षा कर्मियों ने छात्रों को समझाने तथा धरना समाप्त कराने का प्रयास किया।प्रशासन की ओर से वार्ता के जरिए समाधान निकालने की अपील की गई, लेकिन छात्र लिखित आश्वासन और मेस फीस बढ़ोतरी वापस लेने की मांग पर अड़े रहे।
भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों का आंदोलन जारी रखने का ऐलान
भूख हड़ताल की घोषणा करने वाले छात्रों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर लिखित और ठोस फैसला नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन और अनशन जारी रहेगा।देर रात तक विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर पुलिस और प्रशासन की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए थी। फिलहाल छात्रों और विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच गतिरोध बना हुआ है।



