Jharkhand: जेएसएससी सीजीएल पेपर लीक मामले में सीआईडी की बड़ी कार्रवाई, नामकुम स्थित आयोग कार्यालय में छापेमारी

रांची: झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच अब तेज होती जा रही है। जेपीएससी मेधा घोटाले के बाद जेएसएससी सीजीएल परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितता के मामले में सीआईडी ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है।मामले में साक्ष्य जुटाने के लिए सीआईडी की टीमें लगातार जांच कर रही हैं। इसी क्रम में एक टीम जेएसएससी के नामकुम स्थित मुख्य कार्यालय पहुंची और वहां छापेमारी कर दस्तावेजों एवं अन्य साक्ष्यों की जांच शुरू की।
जेएसएससी सचिव से पूछताछ
जांच के दौरान सीआईडी की दूसरी टीम आयोग के सचिव सुधीर गुप्ता से लगातार पूछताछ कर रही है। अधिकारियों की कोशिश परीक्षा से जुड़े रिकॉर्ड, प्रक्रियाओं और कथित अनियमितताओं से संबंधित अहम जानकारियां जुटाने की है।
जेपीएससी मेधा घोटाले की जांच से सामने आए अहम सुराग
सूत्रों के अनुसार, हाल में जेपीएससी मेधा घोटाला मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान जेएसएससी सीजीएल परीक्षा को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई थीं।पूछताछ में कथित तौर पर पेपर लीक और पैसों के लेन-देन से जुड़े कुछ अहम खुलासे हुए। इन्हीं जानकारियों और जांच में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर सीआईडी ने जेएसएससी सीजीएल मामले में अपनी कार्रवाई तेज की है।
पेपर लीक मामले में साक्ष्य जुटाने में जुटी सीआईडी
सीआईडी की छापेमारी का उद्देश्य परीक्षा से जुड़े दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य संभावित साक्ष्य जुटाना बताया जा रहा है। जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कथित पेपर लीक में कौन-कौन लोग शामिल थे और परीक्षा प्रक्रिया में अनियमितता किस स्तर पर हुई।
जेपीएससी के बाद जेएसएससी सीजीएल पर भी बढ़ी जांच की आंच
झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन पहले से जारी है। जेपीएससी -जेएसएससी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग को लेकर छात्र लगातार सरकार पर दबाव बना रहे हैं।जेएसएससी सीजीएल मामले में सीआईडी की ताजा कार्रवाई के बाद जांच के दायरे में आने वाले लोगों और कथित पेपर लीक नेटवर्क को लेकर आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना है।



