Jharkhand: रजरप्पा के मां छिन्नमस्तिका मंदिर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम, 2.92 करोड़ से बनेगा मजबूत बैरिकेडिंग सिस्टम

रामगढ़: झारखंड के प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां छिन्नमस्तिका मंदिर, रजरप्पा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मंदिर परिसर स्थित दामोदर और भैरवी नदी के संगम तट पर हादसों को रोकने के लिए व्यापक सुरक्षा बैरिकेडिंग कराई जाएगी।जल संसाधन विभाग के अधीन लघु सिंचाई प्रमंडल, रामगढ़ ने इस परियोजना के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। परियोजना की अनुमानित लागत 2 करोड़ 92 लाख 19 हजार 213 रुपये है।
स्टेनलेस स्टील की मजबूत रेलिंग से सुरक्षित होंगे घाट
परियोजना के तहत नदी तट पर उच्च गुणवत्ता वाली ग्रेड-304 स्टेनलेस स्टील सुरक्षा रेलिंग लगाई जाएगी। इसमें वर्टिकल पोस्ट और इंटरमीडिएट हॉरिजॉन्टल रेल का इस्तेमाल होगा।बैरिकेडिंग को मजबूत बनाने के लिए कंक्रीट पेडेस्टल बनाए जाएंगे।मजबूत नींव तैयार की जाएगी।एसएस चेन लिंक फेंसिंग लगाई जाएगी।रेलिंग की मजबूती की जांच के लिए पुल-आउट लोड टेस्टिंग होगी।तेज जलप्रवाह और अत्यधिक दबाव को ध्यान में रखकर संरचना तैयार की जाएगी।
180 दिनों में पूरा करना होगा निर्माण कार्य
निर्माण एजेंसी को कार्य आवंटित होने के बाद पूरी परियोजना को 180 दिनों यानी छह महीने के भीतर पूरा करना होगा।नदी के संगम और स्नान घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग होने से श्रद्धालुओं को नदी में स्नान और मंदिर दर्शन के दौरान पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित वातावरण मिलने की उम्मीद है।
लाखों श्रद्धालुओं को मिलेगा सुरक्षा का लाभ
रजरप्पा का मां छिन्नमस्तिका मंदिर झारखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। यहां सालभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। विशेष अवसरों और पर्व-त्योहारों के दौरान भीड़ काफी बढ़ जाती है।दामोदर और भैरवी नदी के संगम पर मजबूत सुरक्षा व्यवस्था होने से श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा बढ़ेगी तथा नदी तट पर हादसों की आशंका कम करने में मदद मिलेगी।



