वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन में रविवार को सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री के लाइसेंसी असलहे से अचानक गोली चल गई। गोली लगने से एयरपोर्ट के दो कर्मचारी घायल हो गए। एक कर्मचारी के पैर और दूसरे के हाथ में गोली लगी। घटना के बाद टर्मिनल में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया।
एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से मुंबई जाना था
जानकारी के अनुसार, यात्री एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से वाराणसी से मुंबई जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचा था। उसके पास लाइसेंसी असलहा था, जिसे विमान में ले जाने की अनुमति नहीं थी।सुरक्षा प्रक्रिया के तहत यात्री को असलहा जमा करना था। इसी दौरान वह असलहे की मैगजीन निकालने की कोशिश कर रहा था।
मैगजीन निकालते समय दबा ट्रिगर
बताया जा रहा है कि मैगजीन निकालने के दौरान अचानक असलहे का ट्रिगर दब गया और फायरिंग हो गई। गोली लगने से दो एयरपोर्ट स्टाफ घायल हो गए।घटना के तुरंत बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उनकी स्थिति को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ
गोली चलने की घटना के बाद एयरपोर्ट की सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस सक्रिय हो गईं। यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि असलहे से गोली किन परिस्थितियों में चली और सुरक्षा जांच के दौरान हथियार यात्री के पास किस स्थिति में था।
एयरपोर्ट सुरक्षा अधिकारियों ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट सुरक्षा अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में मैगजीन निकालते समय ट्रिगर दबने से गोली चलने की बात सामने आई है।सुरक्षा एजेंसियां घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि एयरपोर्ट की सुरक्षा प्रक्रिया के दौरान यह स्थिति कैसे बनी।



