Jharkhand: पोटका में रेलवे ट्रैक पर आग से रुकी टाटानगर-बादामपहाड़ मेमू ट्रेन, 10 मिनट तक थमा परिचालन

पोटका: टाटानगर से बादामपहाड़ जा रही मेमू पैसेंजर ट्रेन को गुरुवार को शरारती तत्वों की करतूत के कारण करीब 10 मिनट तक रुकना पड़ा। घटना सिदिरसाई स्टेशन से पहले धरूवालुपुंग माहालिडीपा-दामुडीह रेलवे फाटक के पास की है। रेलवे ट्रैक के बीच और आसपास आग जलती देख चालक ने ट्रेन रोक दी। बाद में यात्रियों ने मशक्कत कर आग बुझाई, जिसके बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया।

ट्रैक पर आग देख चालक ने रोकी ट्रेन

जानकारी के अनुसार, टाटानगर से मेमू ट्रेन शाम छह बजे बादामपहाड़ के लिए रवाना हुई थी। हल्दीपोखर स्टेशन पार करने के बाद ट्रेन सिदिरसाई की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान धरूवालुपुंग माहालिडीपा-दामुडीह रेलवे फाटक के पास रेलवे ट्रैक के बीच और आसपास आग जलती दिखाई दी।बताया जाता है कि ट्रेन को अपनी ओर आता देख आग लगाने वाले शरारती तत्व मौके से फरार हो गए। आग की लपटें तेज होने के कारण चालक ने एहतियातन ट्रेन रोक दी।

यात्रियों ने मशक्कत कर बुझाई आग

ट्रेन रुकने के बाद यात्री नीचे उतरे और काफी मशक्कत के बाद करीब 10 मिनट में आग पर काबू पाया। आग बुझने और स्थिति सामान्य होने के बाद चालक ने ट्रेन को बादामपहाड़ के लिए रवाना किया।रेलवे ट्रैक के पास आग लगाए जाने की इस घटना के कारण कुछ देर तक ट्रेन परिचालन प्रभावित रहा।

Exit mobile version