Jharkhand: तिलैया में नकली घी बनाने के ठिकाने पर छापेमारी, डालडा और भारी मात्रा में घी बरामद

कोडरमा: जिले के तिलैया थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 14 स्थित ताराटांड़ में नकली घी बनाने के ठिकाने पर पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। इस दौरान भारी मात्रा में नकली घी और घी तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला डालडा बरामद किया गया। छापेमारी के दौरान नकली घी के डिब्बों पर गाय के टैग भी मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि इन टैग के जरिए नकली घी को असली गाय के घी के रूप में बाजार में बेचने की तैयारी थी।बताया जाता है कि छापेमारी रवि श्रीवास्तव, पिता चंदूलाल श्रीवास्तव के ठिकाने पर की गई।
डालडा से नकली घी बनाने की मिली थी सूचना
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अभिषेक आनंद ने बताया कि विभाग को काफी दिनों से सूचना मिल रही थी कि ताराटांड़ स्थित ठिकाने पर डालडा से नकली घी तैयार किया जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की।मौके से भारी मात्रा में नकली घी और इसे तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी के अनुसार, मामले में आगे की जांच की जा रही है।
संयुक्त छापेमारी दल में ये अधिकारी थे शामिल
छापेमारी दल में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अभिषेक आनंद, तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार, एसआई पिंकी रानी, एसआई महादेव पांडेय सहित पुलिस के कई जवान शामिल थे।
वर्ष 2016 में भी इसी ठिकाने पर हुई थी छापेमारी
जानकारी के अनुसार, उक्त स्थान पर लंबे समय से नकली घी बनाने का कारोबार संचालित होने की बात सामने आ रही है। बताया जाता है कि वर्ष 2016 में भी इसी ठिकाने पर छापेमारी की गई थी। फिलहाल पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।



