Bihar INFACTNews

Bihar: मांझी से ताजपुर तक बनेगा मरीन ड्राइव, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सारण को दी विकास परियोजनाओं की सौगात

छपरा: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को सारण जिले को कई विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने मांझी से ताजपुर तक मरीन ड्राइव विकसित करने की योजना पर सकारात्मक पहल का ऐलान किया। इसके तहत घाघरा नदी के किनारे रिवरफ्रंट और हाईवे विकसित करने की बात कही गई। प्रस्तावित परियोजना की लंबाई 10 से 12 किलोमीटर के बीच होने की संभावना है।मुख्यमंत्री ने मांझी में रामघाट, अटल द्वार और छठ घाट का उद्घाटन किया। इसके साथ ही सरयू नदी के तट पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण भी किया।

मांझी से ताजपुर तक मरीन ड्राइव बनाने की योजना

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राघोपुर से आमी मंदिर तक मरीन ड्राइव की तर्ज पर बनाई गई सड़क को मांझी से ताजपुर तक जोड़ने की मांग पर सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया जाएगा।सड़क का विस्तार होने से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बढ़ने और आसपास के गांवों को लाभ मिलने की उम्मीद है। घाघरा नदी के किनारे रिवरफ्रंट और हाईवे विकसित करने की योजना भी इसी पहल का हिस्सा है।

मांझी में 24 घंटे तैनात रहेगी एसडीआरएफ की टीम

मांझी क्षेत्र में बाढ़ और नदी में डूबने की घटनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री ने यहां राजकीय आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की एक टीम को चौबीसों घंटे तैनात रखने का निर्देश दिया। इसका उद्देश्य आपात स्थिति में राहत और बचाव कार्यों को तेजी से अंजाम देना है।

सरयू किनारे अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण

मुख्यमंत्री ने मांझी में सरयू नदी के तट पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मांझी का अटल बिहारी वाजपेयी से विशेष जुड़ाव रहा है। यहां उनकी अस्थियों का विसर्जन भी किया गया था।मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती और पुण्यतिथि पर राज्य सरकार की ओर से प्रत्येक वर्ष यहां कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इससे नई पीढ़ी को उनके व्यक्तित्व और योगदान से परिचित होने का अवसर मिलेगा।

अटल सरकार ने बिहार को दिए थे 4,000 करोड़ रुपये: सम्राट

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन में अटल बिहारी वाजपेयी के प्रधानमंत्री कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार विभाजन के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आग्रह पर केंद्र सरकार ने राज्य को 4,000 करोड़ रुपये दिए थे।उन्होंने कहा, “मुझे 2001-2002 की वो कहानी याद है। जब बिहार का बंटवारा हुआ था। तत्कालीन मुख्यमंत्री के आग्रह पर अटल बिहारी वाजपेयी ने उस समय 4000 करोड़ रुपये की राशि दी थी। उस समय बिहार का बजट भी मात्र 6000 करोड़ रुपये था। यानी केंद्र सरकार ने लगभग 4 सालों तक बिहार को उसके बजट का दो-तिहाई हिस्सा देने का काम किया। लेकिन 2005 में जब नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री बने, तब तक उसमें से एक रुपये भी खर्च नहीं हुआ था। जैसे ही नीतीश सीएम बने अटलजी ने जो पैसा दिया उसका उपयोग किया।”

दलन सिंह उच्च विद्यालय में प्रयोगशालाओं का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मांझी स्थित स्वर्गीय दलन सिंह उच्च विद्यालय भी पहुंचे। यहां उन्होंने दिवंगत दलन सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।इस दौरान उन्होंने कायाकल्प अभियान के तहत विकसित रसायन शास्त्र, जीव विज्ञान, आईएसएम तथा एस्ट्रोनॉमी-कम-रोबोटिक्स प्रयोगशालाओं का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने विद्यालय में विकसित शैक्षणिक सुविधाओं का भी जायजा लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button