Jharkhand: चांडिल डैम को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र बनाने की तैयारी, सीएम हेमंत सोरेन ने ब्लूप्रिंट तैयार करने का दिया निर्देश

चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल डैम को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी की जा रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को परिवार के साथ डैम का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने इसकी प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए उपायुक्त को डैम और आसपास के क्षेत्र के समग्र विकास के लिए दीर्घकालिक एवं पर्यावरण अनुकूल ब्लूप्रिंट तैयार करने का निर्देश दिया।
चांडिल डैम में इको-टूरिज्म की व्यापक संभावनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि चांडिल डैम में इको-टूरिज्म की व्यापक संभावनाएं हैं। इसके व्यवस्थित विकास से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं तथा ग्रामीणों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने अधिकारियों को विकास योजनाएं तैयार करते समय पर्यावरण संतुलन बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
बोटिंग और पर्यटकों की सुरक्षा पर रहेगा जोर
मुख्यमंत्री ने डैम आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा, बुनियादी सुविधाओं और नौकायन यानी बोटिंग की व्यवस्था को आधुनिक और सुव्यवस्थित बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पर्यटन गतिविधियों का विकास इस तरह किया जाए, जिससे अधिक से अधिक पर्यटक आकर्षित हों और स्थानीय लोगों को रोजगार से जोड़ा जा सके।
जल प्रबंधन और बिजली उत्पादन की योजना बनाने का निर्देश
मुख्यमंत्री ने चांडिल परियोजना से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के साथ जल प्रबंधन, बिजली उत्पादन और अन्य संबंधित पहलुओं पर भी कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि डैम और आसपास के क्षेत्र का विकास पर्यावरणीय संतुलन को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए।
धातकीडीह जाने के क्रम में पहुंचे थे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन धातकीडीह जाने के क्रम में चांडिल डैम पहुंचे थे। इस दौरान उनकी धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन, विधायक सविता महतो, विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम, उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह और चांडिल के एसडीएम नितिन शिवम गुप्ता सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



