Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: पश्चिमी सिंहभूम में 175 प्रभावित परिवारों को मिलेगी 31.66 लाख रुपये की अनुग्रह राशि

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में प्राकृतिक आपदाओं और आकस्मिक दुर्घटनाओं से प्रभावित परिवारों को राहत देने के लिए जिला प्रशासन ने 175 मामलों में अनुग्रह अनुदान राशि के भुगतान को मंजूरी दी है। उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला समाहरणालय स्थित उपायुक्त प्रकोष्ठ में आयोजित जिला आपदा प्रबंधन समिति की बैठक में कुल 31 लाख 66 हजार रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई। प्रस्तावों को समिति ने सर्वसम्मति से मंजूरी दी।

सड़क दुर्घटना, सर्पदंश और वज्रपात के मामलों की हुई समीक्षा

बैठक में प्राकृतिक आपदाओं और विभिन्न दुर्घटनाओं से प्रभावित लोगों के साथ-साथ मृतकों के आश्रितों को सरकारी प्रावधानों के तहत आर्थिक सहायता देने से संबंधित प्रस्तावों पर चर्चा की गई।समिति के समक्ष सड़क दुर्घटना, सर्पदंश, अतिवृष्टि, आंधी-तूफान और ओलावृष्टि से मकानों को हुई आंशिक या पूर्ण क्षति तथा वज्रपात से हुई मौत के मामले रखे गए। कच्चे और पक्के मकानों को हुए नुकसान और प्रभावित परिवारों की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

175 मामलों में 31.66 लाख रुपये की स्वीकृति

प्रस्तुत प्रस्तावों पर विचार-विमर्श के बाद समिति ने 175 आश्रितों और आवेदकों के पक्ष में 31 लाख 66 हजार रुपये की अनुग्रह अनुदान राशि के भुगतान को मंजूरी दी। इसके तहत विभिन्न आपदाओं और दुर्घटनाओं से प्रभावित पात्र परिवारों को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

उपायुक्त ने समय पर भुगतान का दिया निर्देश

बैठक में उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं और आकस्मिक दुर्घटनाओं से प्रभावित परिवारों को राहत एवं सहायता उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वीकृत मामलों में निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करते हुए सहायता राशि का भुगतान समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए।उपायुक्त ने कहा कि अनुग्रह अनुदान से जुड़े मामलों के निष्पादन में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और पात्रता के निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए, ताकि वास्तविक रूप से प्रभावित परिवारों को समय पर सरकारी सहायता मिल सके।बैठक में अपर उपायुक्त किस्टो कुमार बेसरा, जिला सामान्य शाखा उपसमाहर्ता गौतम कुमार, नजारत उपसमाहर्ता कुमार हर्ष सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button