Jharkhand: जमशेदपुर के बर्मामाइंस में देसी कट्टा और पांच गोलियों के साथ युवक गिरफ्तार, मोहम्मद शाहिद का नाम आया सामने

जमशेदपुर: बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के रेलवे कंटेनर यार्ड के पास पुलिस ने अवैध हथियार और गोलियों के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मुस्लिम बस्ती, कैरेज कॉलोनी निवासी करीब 20 वर्षीय मोहम्मद इरफान के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक देसी कट्टा, .315 बोर की पांच गोलियां और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है।पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने दावा किया कि हथियार और गोलियां उसे कुख्यात अपराधकर्मी मोहम्मद शाहिद ने दी थीं। पुलिस इस बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

गुप्त सूचना पर रेलवे कंटेनर यार्ड के पास छापेमारी

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रेलवे कंटेनर यार्ड के आसपास एक युवक हथियार लेकर किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इलाके में छापेमारी की।पुलिस के मुताबिक, छापेमारी के दौरान एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस बल की मदद से उसे पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से देसी कट्टा, पांच गोलियां और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुआ।

मोहम्मद शाहिद की भूमिका की जांच

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मोहम्मद इरफान ने पूछताछ में बताया कि मोहम्मद शाहिद ने उसे हथियार और गोलियां दी थीं। आरोपी ने यह भी कहा कि वह उसके कहने पर अपराध करने के लिए निकला था।पुलिस अब आरोपी के बयान की सत्यता की जांच कर रही है और हथियार उपलब्ध कराने के मामले में मोहम्मद शाहिद की कथित भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

Exit mobile version