Jharkhand: पूर्वी सिंहभूम में सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती, सितंबर में 23 लोगों की हुई मौत

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती बढ़ाने का निर्देश दिया है। सितंबर महीने में जिले में हुई 32 सड़क दुर्घटनाओं में 23 लोगों की मौत हुई, जबकि 17 लोग घायल हुए। समीक्षा बैठक में अधिकांश दुर्घटनाओं के पीछे वाहन चालकों की लापरवाही को प्रमुख कारण बताया गया।सोमवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स एवं सड़क सुरक्षा की समीक्षा बैठक हुई। इसमें सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों के पालन और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।उपायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्गों के साथ मरीन ड्राइव समेत भारी वाहनों के परिचालन वाले मार्गों पर अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के खिलाफ नियमित अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़कों पर अतिक्रमण और बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों के कारण यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ता है।

मानगो बस स्टैंड पर अवैध पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई

मानगो बस स्टैंड में लंबे समय से खराब पड़ी बसों की अवैध पार्किंग पर उपायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित बस संचालकों को नोटिस जारी करने और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में सात दिनों के भीतर बसों को हटाने की कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया। प्रशासन का उद्देश्य सड़क और सार्वजनिक स्थलों पर अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों से होने वाली परेशानी को दूर करना है।

हेलमेट नहीं पहनने पर जताई चिंता

बैठक में दोपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट नहीं पहनने और यातायात नियमों की अनदेखी किए जाने पर भी चिंता जताई गई। समीक्षा के दौरान बाइक दुर्घटनाओं से जुड़े मामलों में केवल एक चालक के हेलमेट पहने होने की जानकारी सामने आई। इस स्थिति को गंभीर मानते हुए सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।उपायुक्त ने पोटका-जादूगोड़ा और डिमना-पटमदा मार्ग समेत दुर्घटना संभावित सड़कों के किनारे उगी झाड़ियों की छंटाई कराने, आवश्यक संकेतक लगाने और दृश्यता बेहतर करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा से जुड़े जरूरी उपायों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा।

236 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित, 15.78 लाख रुपये जुर्माना

बैठक में जानकारी दी गई कि यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में अब तक 236 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। इसके अलावा नियम तोड़ने वालों से 15.78 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया है।बैठक में एसएसपी डॉ. ऐहतेशाम वकारिब सहित परिवहन विभाग, यातायात पुलिस, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और सड़क निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद थे। प्रशासन ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए निगरानी बढ़ाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने पर जोर दिया।

Exit mobile version